भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए सभी टीमों ने तैयारी शुरू कर दी है। इस टूर्नामेंट में अब लगभग एक साल से कम समय बचा है। बतौर मेजबान भारतीय टीम ने सबसे पहले इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। इसके बाद इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया सहित सात टीमें इस विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। अफगानिस्तान ने भी हाल ही में वनडे विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है, लेकिन खास बात यह है कि वेस्टइंडीज, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका की टीम अब तक विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं।
आईसीसी के नियम के अनुसार आईसीसी क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग की अंक तालिका में शुरुआती आठ स्थान पर रहने वाली सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। भारत की टीम मेजबान के रूप में इस टूर्नामेंट में जगह बनाएगी। वहीं, बाकी टीमों को क्वालिफाइंग राउंड खेलना पड़ेगा और शुरुआती दो स्थान में रहने वाली टीमें मुख्य दौर में जगह बनाएंगी। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका,श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें मुश्किल में पड़ सकती हैं।