विश्व कप के लिए वनडे क्रिकेट से बेन स्टोक्स के संन्यास तोड़ने की पुष्टि हो चुकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुने जाने के बाद अब उन्हें पांच अक्तूबर से होने वाले विश्व कप के लिए इंग्लैंड टीम के संभावितों में शामिल किया गया है। वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और खतरनाक तेज बल्लेबाज हैरी ब्रूक को संभावितों में जगह नहीं मिली है।
इंग्लैंड को 2019 का विश्व कप जिताने वाले स्टोक्स ने बीते वर्ष वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। उनका तर्क था कि क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में एक साथ खेलने संभव नहीं हो पा रहा है, लेकिन उन्होंने अपना फैसला अब बदल लिया है। इंग्लैंड के चयनकर्ता ल्यूक राइट का कहना है कि स्टोक्स की वापसी इंग्लैंड की मैच जीतने की क्षमताओं को बढ़ाएगी। 32 वर्षीय स्टोक्स अगले माह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में खेलेंगे।
25 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को भी पहली बार टीम में जगह दी गई है। इंग्लैंड की संभावित विश्व कप टीम में जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल रशीद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, रीस टॉप्ली, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स शामिल हैं। यही टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भी खेलेगी।