कोरोना संक्रमण के चलते बॉक्सिंग डे पर अमेरिका और आयरलैंड के बीच होने वाला पहला वनडे मैच रद्द कर दिया गया है। इस मैच से पहले एक अंपायर और अमेरिका के एक नेट गेंदबाज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अंपायर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके करीब संपर्क में रहे बाकी तीन अंपायरों को क्वारैंटीन कर दिया गया है। हालांकि तीनों अंपायरों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन उनके क्वारैंटीन में जाने के बाद मैच का आयोजन कराने के लिए कोई अधिकारी नहीं थे। इसी वजह से पहला वनडे मैच रद्द कर दिया गया है।
अमेरिका क्रिकेट की तरफ से बताया गया कि आयरलैंड क्रिकेट और अमेरिका क्रिकेट आईसीसी के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। ताकि वनडे सीरीज के बाकी मैच खेले जा सकें। अगर ऐसा करने में कोई खतरा नहीं हुआ तो।
रविवार को बाकी मैचों के आयोजन पर फैसला
क्रिकबज की खबर के अनुसार रविवार को सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा और सीरीज के बाकी मैचों के आयोजन पर फैसला होगा। फिलहाल सभी खिलाड़ी क्वारैंटीन हैं। यूएसए क्रिकेट के अनुसार 28 दिसंबर और 30 दिसंबर को होने वाला दूसरा और तीसरा वनडे फिलहाल तय शेड्यूल के अनुसार होगा।
अमेरिका ने दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
इससे पहले यूएसए ने पहले टी-20 मैच में आयरलैंड को हराकर इतिहास रच दिया था। यह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ संयुक्त राज्य अमेरिका की पहली जीत थी। इस मुकाबले में अमेरिका ने आयरलैंड को 26 रनों से हराया था। अमेरिका को जीत दिलाने में गजानंद सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने 42 गेंदों पर 65 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।