न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच क्राइस्टचर्च में दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 364 रन बनाए। ओपनर सारेल एरवी ने शानदार शतक लगाया और 108 रन की पारी खेली। डीन एल्गर और एरवी ने 111 रन की ओपनिंग साझेदारी की।
एरवी को 14 साल इंतजार करना पड़ा
एरवी के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह दूसरा टेस्ट है और इसमें उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। इसी सीरीज के पहले टेस्ट में उन्होंने डेब्यू भी किया था। 32 साल के एरवी शतक लगाने के बाद इमोश्नल हो गए। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए 14 साल का इंतजार करना पड़ा है। वे इन 14 सालों में घरेलू क्रिकेट ही खेलते रहे।
एरवी ने संन्यास लेने का मन बनाया था
हालांकि, उन्हें कभी सीनियर टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, एरवी ने लंबे समय तक नेशनल टीम में जगह नहीं मिलने पर संन्यास लेने का मन बना लिया था। हालांकि, तब उनके परिवार वालों ने उनकी हिम्मत बढ़ाई थी।
परिवार वालों ने एरवी को हिम्मत दी
एरवी ने बताया- अपने परिवार वालों के साथ समय बिताने के बाद मुझे हिम्मत मिली। मेरे माता-पिता ने मुझे सहारा दिया कहा कि मुझे फिर से पुरी शक्ति के साथ लड़ना चाहिए। मैंने इस दौरान एक स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट की मदद ली। उन्होंने मेरी काफी मदद की और मुझसे बात किया। मेरे लिए यह सफर काफी मुश्किल भरा रहा। मैंने लगातार कोशिश की और फिर से प्रेरित होकर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।
एरवी को 2020 में भी स्क्वॉड में चुना गया
एरवी को साल 2020 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए स्क्वॉड में चुना गया था, लेकिन वो किसी भी मैच में प्लेइंग-11 में शामिल नहीं हो सके थे। एरवी की कप्तान एल्गर के साथ की गई 111 रन की साझेदारी विदेशी धरती पर पिछले 10 साल में दक्षिण अफ्रीका के लिए की गई सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इसके बाद एरवी ने दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम के साथ 88 रन की साझेदारी भी की।
दूसरे टेस्ट में अब तक क्या हुआ
मार्करम 42 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मार्को येन्सन ने 37 रन और केशव महाराज ने 36 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के 364 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवाकर 157 रन बना लिए हैं। कप्तान टॉम लाथम शून्य और विल यंग तीन रन बनाकर आउट हुए। डेवोन कॉन्वे ने 16 रन की पारी खेली।
ग्रैंडहोम 54 रन बनाकर बैटिंग कर रहे
हेनरी निकोल्स 39 और विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल छह रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेरिल मिचेल 29 रन और कॉलिन डी ग्रैंडहोम 54 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले सीरीज के ओपनिंग टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को एक पारी और 276 रनों से हराया था।