श्रेयस अय्यर ने एक शतक और एक अर्द्धशतक लगाया लेकिन रॉस टेलर दोनों मैचों में भारतीय टीम पर हावी रहे। अय्यर ‘फिनिशर’ की भूमिका नहीं निभा सके जो टेलर ने बखूबी किया। राहुल, शॉ, अय्यर, केदार जाधव और युजवेंद्र चहल ने सोमवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया। कोहली सबसे पहले अभ्यास के लिए उतरे जिन्होंने तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों का सामना किया। मनीष पांडे उनके बाद आए जबकि ऋषभ पंत ने लंबे अभ्यास सत्र में भाग लिया। पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोटिल होने के बाद से सीमित ओवरों का क्रिकेट नहीं खेला है। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी को छोड़कर सभी तेज गेंदबाजों ने अभ्यास किया।
न्यूजीलैंड ने लेग स्पिनर ईश सोढ़ी और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनेर को टीम में शामिल किया है। सोढ़ी ने कोहली को हैमिल्टन में गुगली पर आउट किया। सोढी और टिकनेर न्यूजीलैंड ए टीम का हिस्सा थे जिसने भारत ए के खिलाफ लिंकन में दूसरा अनधिकृत टेस्ट ड्रॉ खेला। उन्होंने चौथे और आखिरी दिन खेल में हिस्सा नहीं लिया। न्यूजीलैंड के टिम साउदी और मिशेल सैंटनर पेट में संक्रमण के शिकार हैं जबकि स्कॉट कुग्लेन को बुखार है।
भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने कहा कि न्यूजीलैंड में सफल होने के लिए मैदान को समझना और तेज हवाओं के अनुकूल गेंदबाजी करना बेहद जरूरी है। न्यूजीलैंड जैसे मैदान कहीं नहीं हैं। इन्हें समझना जरूरी है। हर मैच में गेंदबाज को अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है। आकलैंड में सामने की बाउंड्री छोटी थी जबकि हैमिल्टन में छोटी थी। हर मैदान का आकार अलग है और उसको समझना जरूरी है। अगले मैच में मैदान बड़ा है।
02 : वनडे खेले हैं भारतीय टीम ने बे ओवल मैदान में और दोनों में जीत मिली है
31 : साल से भारतीय टीम का तीन या ज्यादा मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में क्लीनस्वीप नहीं हुआ। वेस्टइंडीज ने 1989 में 5-0 से हराया था
भारत : विराट कोहली, पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋ षभ पंत, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन, टॉम लॉथम (विकेटकीपर), मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, कालिन डी ग्रैंडहोम, जिमी नीशम, स्काट कुगलेइजन, टाम ब्लंडेल, हेनरी निकोल्स, मिशेल सेंटनर, हैमिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, काइल जैमीसन, मार्क चैपमैन