रिव्यू लेते बांग्लादेशी कप्तान मोमिनुल हक
- फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच माउंट माउंगानुई स्थित बे-ओवल मैदान में टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो चुका है और न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं और बांग्लादेश पर 17 रन की बढ़त हासिल कर ली है। चौथे दिन के समाप्ति के बाद बांग्लादेशी टीम मेजबान टीम के ऊपर भारी पड़ती हुई नजर आ रही है। बांग्लादेश की टीम अगर पांचवें दिन न्यूजीलैंड को जल्द समेट देती है, तो जीत भी हासिल कर सकती है।
मैदान पर जोश में नजर आए बांग्लादेशी खिलाड़ी
बांग्लादेशी के खिलाड़ी चौथे दिन मैदान पर काफी जोश में नजर आए। इसी जोश में उन्होंने कुछ गलत फैसले भी लिए। इसमें एक रिव्यू भी शामिल है। सोशल मीडिया पर बांग्लादेश का यह रिव्यू वायरल हो रहा है। फैंस इसे अभी तक सबसे बचकाना रिव्यू बता रहे हैं। दरअसल, यह घटना तब की है, जब न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर जब 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
बांग्लादेशी खिलाड़ियों से हुई भारी भूल
बांग्लादेश के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज तास्कीन अहमद 37वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर की पांचवीं गेंद तास्किन ने गुड लेंथ पर फेंकी। टेलर ने आसानी से गेंद को संभाल लिया और गेंद को पूरा सम्मान देते हुए डिफेंड किया। इसके बाद तास्किन समेत बाकी बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने फील्ड अंपायर से आउट की अपील की। फील्ड अंपायर ने टेलर को नॉटआउट करार दिया। इसके बाद बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक ने रिव्यू ले लिया।
हंस पड़े फैंस और कमेंटेटर्स
इस अपील के बाद जब थर्ड अंपायर ने रिप्ले में देखा, तो उसमें गेंद और बैटिंग पैड का दूर दूर तक कोई सामना ही नहीं दिखाई दिया। बांग्लादेशी खिलाड़ियों के इस रिव्यू को देखकर कमेंटेटर्स भी हंस पड़े और बोले कि फील्ड अंपायर का फैसला बिल्कुल सही था। वहीं, थर्ड अंपायर द्वारा नॉट आउट दिए जाने के बाद बांग्लादेशी टीम को अपना एक रिव्यू भी गंवाना पड़ा। सोशल मीडिया पर बांग्लादेश के रिव्यू का मजाक भी उड़ाया जा रहा है।