टॉम लॉथम (252) के रिकॉर्ड दोहरे शतक और डेवोन कॉन्वे (109) के शतक के बाद ट्रेंट बोल्ट (5/43) की उम्दा गेंदबाजी से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली। लॉथम और कॉन्वे के बीच दूसरे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी हुई, जिससे न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 521 रन पर घोषित कर दी।
लॉथम का यह स्कोर न्यूजीलैंड के किसी कप्तान की ओपनर के रूप में सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने ग्राहम डॉउलिंग का 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 1968 में भारत के खिलाफ 239 रन बनाए थे। इसके बाद बोल्ट, टिम साउदी (3/28) और काइल जैमीसन (2/32) के आगे बांग्लादेश की टीम 41.2 ओवर में 126 रन पर ढेर हो गई।
यासिर का अर्द्धशतक
बांग्लादेश के दो बल्लेबाज यासिर अली (55) और नुरुल हसन (41) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। अली ने कॅरिअर का पहला अर्द्धशतक जड़ा। उसके शीर्ष चा बैटर सातवें ओवर में 11 रन पर आउट हो गए थे।
552 मिनट क्रीज पर बिताए लॉथम ने
लॉथम ने 552 मिनट क्रीज पर रहकर 373 गेंदों का सामना का 34 चौक और दो छक्के जडे़। लॉथम ने कॅरिअर में 12 शतक जड़े हैं और यह सभी ओपनर के रूप में उनके बल्ले से निकले हैं। वह टेस्ट में दो बार 250 प्लस का स्कोर करने वाले स्टीफन फ्लेमिंग के बाद न्यूजीलैंड के दूसरे खिलाड़ी हैं। टॉम ब्लंडेल ने नाबाद 57 रन की पारी खेली।
करियर के आखिरी टेस्ट में टेलर ने बनाए 28 रन
पहले ही संन्यास लेने की घोषणा कर चुके रॉस टेलर का यह आखिरी टेस्ट मैच है। उन्होंने अपनी आखिरी पारी में 39 गेंदों का सामना कर 28 बनाए। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक 112 टेस्ट खेलने के डेनियन विटोरी के रिकॉर्ड की बराबरी की। दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। अगर वह फिर बल्लेबाजी के लिए नहीं आते हैं तो उनके नाम 7683 टेस्ट रन होंगे। इसमें 19 शतक और 35 अर्द्धशतक हैं।
बोल्ट के 300 विकेट
बोल्ट टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। वह 75 मैचों में 27.28 की औसत और 2.96 की इकॉनोमी से 301 विकेट चटका चुके हैं। उनसे आगे रिचर्ड हैडली (431 विकेट, 86 मैच), डेनियल विटोरी (361 विकेट, 112 मैच) और टिम साउदी (328 विकेट, 83) ही हैं। बोल्ट यह उपलब्धि हासिल करने वाले सातवें बायें हाथ के गेंदबाज हैं।