पाकिस्तान से न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर मिल रही है। पहले पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच किवी टीम के हाथों गंवाने के बाद सीरीज बराबरी पर खत्म करानी पड़ी। और अब 2 मैचों की ट्वंटी-20 सीरीज में भी दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्म कराई।
दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान की पारी को 7 गेंद पहले ही समेटते हुए 17 रनों से मैच में जीत हासिल कर ली। न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे एंटन डेवसिस जिन्होंने पहले वह पारी की शुरुआत करने आए और फिर गेंदबाजी में भी पहला ओवर डाला। बल्लेबाजी में वह 21 रन बना पाए लेकिन गेंदबाजी में कमाल कर दिया और 4 ओवर में महज 16 रन देकर 2 विकेट भी झटक लिए।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी आलराउंड प्रदर्शन किया लेकिन टीम की जीत के लिए नाकाफी साबित हुआ। 2 विकेट लेने के बाद बल्लेबाजी में अपनी पूरी जान फूंक दी पर कोई फायदा नहीं मिला।
अफरीदी के बाद उमर गुल ने बिखेरा जलवा
दुबई में दूसरे ट्वंटी-20 मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही और बिना किसी नुकसान के 7 ओवर में 49 रन बना लिए। इसके बाद 58 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसके 3 विकेट गिर गए। ओपनर एंटन डेवसिस (21), डीन ब्रॉलिन (0) और कप्तान केन विलियम्सन (32) आउट हो गए।
न्यूजीलैंड अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाया और इसके बाद से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए। तेज गेंदबाज उमर गुल ने कसी हुई गेंदबाजी भी की जिस कारण रन बनाना भी आसान नहीं रहा। गुल ने 4 ओवर में महज 24 रन दिए और 2 विकेट भी झटके। उमर गुल से पहले कप्तान शाहिद अफरीदी ने किवी टीम को दोहरा झटका दिया। उन्होंने अपने लगातार 2 ओवर में एक-एक विकेट झटका।
न्यूजीलैंड का मध्य और निचला क्रम असफल रहा जिससे टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 144 रन ही बना सकी। विलियम्सन ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। जबकि ल्युक रोंची ने 31 रनों का योगदान दिया।
अफरीदी ने लगाया पूरा जोर लेकिन नाकाफी रहा
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सामना करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत और भी खराब रही और पहले ही ओवर में सरफराज अहमद (1) का विकेट गंवा दिया। एंटन डेवसिस ने पाक के शीर्ष क्रम को तोड़कर रख दिया। ओपनर सरफराज को आउट करने के बाद मोहम्मद हफीज को भी 9 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। पाक के 3 विकेट 24 रन पर गिर गए थे और वह शुरुआत में ही संघर्ष करने लगा।
शुरुआत में संघर्ष करने के कारण उसके सौ रन 17वें ओवर में जाकर पूरे हुए। किवी आक्रमण के आगे पाक बल्लेबाजों को रन बनाने में दिक्कत हो रही थी। काइली मिल्स ने 26 रन देकर 3 और जेम्स नीशाम ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके।
हालांकि विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने आतिशी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रहे। उन्होंने महज 11 गेंदों में 3 छक्के और एक चौके की मदद से 28 रन बनाकर कुछ उम्मीदें जगाई लेकिन उनके 18वें ओवर में आउट हो जाने के बाद पाक मैच से दूर होता दिखाई दिया। रही सही कसर 19वें ओवर में मिल्स ने कर डाली जिन्होंने 19वें ओवर में 3 गेंदों के अंदर 2 विकेट चटकाकर 7 गेंद पहले ही पाकिस्तान की पारी 127 रनों पर समेट दी। ओपनर अहमद शहजाद ने सर्वाधिक 33 रन बनाए।