प्रशासकों की समिति (सीईओ) ने सीईओ राहुल जौहरी को एसजीएम में भाग लेने की अनुमति नहीं देने पर बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना सहित अन्य पदाधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। इसमें कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी और कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी भी शामिल हैं।
सीओए की छह अप्रैल को दी गई तीसरी स्टेटस रिपोर्ट में जौहरी को बीसीसीआई की सभी बैठकों में उसका प्रतिनिधि बताया गया था, लेकिन बुधवार को बोर्ड की एसजीएम में जौहरी को भाग नहीं लेने दिया गया। कार्यवाहक सचिव अमिताभ ने जौहरी को बैठक से बाहर जाने को कहा था। उन्होंने यह दलील दी थी कि सुप्रीम कोर्ट के 24 जुलाई के फैसले में यह साफ तौर पर कहा गया है कि सिर्फ राज्य संघों के पदाधिकारी ही भाग ले सकते हैं और वह इस आदेश का पालन कर रहे थे।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘हां, सीओए ने खन्ना, अमिताभ चौधरी और अनिरुद्ध चौधरी को ई-मेल भेजे हैं।’ सीओए जानना चाहता है कि राहुल जौहरी को बैठक में भाग क्यों नहीं लेने दिया गया। जौहरी के अलावा एमवी श्रीधर को भी बैठक में भाग नहीं लेने दिया गया।