फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CT 2025: कीवियों ने बनाया ICC ODI टूर्नामेंट के नॉकआउट का तीसरा बड़ा स्कोर, इस मामले में नंबर-1 बना न्यूजीलैंड

Wed, 05 Mar 2025 06:40 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लाहौर

सार

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में छह विकेट पर 362 रन बनाए। अगर दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में जगह बनानी है तो उसे नया इतिहास रचते हुए पुराने सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ना होगा।
विज्ञापन
रचिन-केन - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रचिन रवींद्र और केन विलियमसन की शतकीय पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बना लिया। इसके अलावा कीवियों ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी अपने नाम कर लिया। लाहौर में खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में छह विकेट पर 362 रन बनाए। अगर दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में जगह बनानी है तो उसे नया इतिहास रचते हुए पुराने सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ना होगा।
विज्ञापन

कीवियों ने बनाया आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट का तीसरा सर्वोच्च स्कोर
आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड भारत के नाम है। विश्व कप 2023 में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट खोकर 397 रन बनाए थे। रोहित शर्मा की सेना ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड द्वारा विश्व कप 2015 में बनाए गए 393/6 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। अब न्यूजीलैंड ने तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया है।

कीवियों ने चैंपियंस ट्रॉफी का पहली पारी में सर्वोच्च स्कोर बनाया
इस मैच में न्यूजीलैंड ने 362 रन बनाकर चैंपियंस ट्रॉफी की पहली पारी का सर्वोच्च टोटल बना लिया। इससे पहले इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में आठ विकेट खोकर 351 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट खोकर 356 रन बनाए और पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। 

चैंपियंस ट्रॉफी का पहली पारी में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली टीमें

रन/विकेट टीम स्थान चरण वर्ष
362/6 न्यूजीलैंड vs दक्षिण अफ्रीका लाहौर सेमीफाइनल 2025*
351/8 इंग्लैंड vs ऑस्ट्रेलिया लाहौर --- 2025*
347/4 न्यूजीलैंड vs अमेरिका द ओवल --- 2017
338/4 पाकिस्तान vs भारत द ओवल फाइनल 2017
331/7 भारत vs दक्षिण अफ्रीका कार्डिफ --- 2013
विज्ञापन

मैच में क्या हुआ?
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने विल यंग का विकेट जल्दी गंवा दिया जो 21 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद रचिन और विलियमसन ने शानदार साझेदारी की और दूसरे विकेट के लिए 164 रन जोड़े। रचिन ने इस दौरान अपने वनडे करियर का पांचवां शतक भी जड़ा। रचिन शतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 101 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाए। इसके बाद विलियमसन ने भी पारी आगे बढ़ाई और वनडे करियर का 15वां शतक लगाने में सफल रहे। विलियमसन 94 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए।  

विलियमसन और रचिन के आउट होने के बाद टॉम लाथम चार रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार साझेदारी कर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। मिचेल अर्धशतक लगाने से चूक गए और 37 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल 12 गेंदों पर 16 रन बनाए। फिलिप्स अंत तक टिके रहे और 27 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद दो रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि कैगिसो रबाडा को दो और वियान मुल्डर को एक विकेट मिला। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें