दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका के गेंदबाजों ने फॉर्म में वापसी कर ली है और दूसरे टेस्ट में मेजबान टीम पर लगातार दबाव बनाए हुए हैं।
उनकी ही शानदार गेंदबाजी का कमाल है कि श्रीलंका ने दूसरे मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है। विलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 253 रन बना लिए थे। पहली पारी में श्रीलंका से 135 रन से पिछड़ने के कारण किवी टीम को अभी सिर्फ 118 रनों की बढ़त हासिल है और उसके पास अभी सिर्फ 5 विकेट शेष हैं।
पूर्व कप्तान कुमार संगकारा (203) के दोहरे शतक की बदौलत बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए श्रीलंका की पहली पारी 356 रनों पर सिमट गई थी। श्रीलंका ने अपने 5 विकेट महज 78 रन पर ही गंवा दिए थे, यहां से उबरते हुए टीम ने 300 से ज्यादा रन बनाए । न्यजीलैंड ने पहली पारी में 221 रन बनाए थे।
पहली पारी में लड़खड़ाने के बाद संगकारा ने छठे विकेट के लिए दिनेश चंडीमल के साथ 130 रनों की साझ़ेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। इसके बाद पुछल्लों के साथ खेलते हुए संगकारा ने टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। ऐसा
चौथी बार हुआ है जब संगकारा ने अपनी टीम के स्कोर में आधे से ज्यादा का योगदान दिया।