अपने घर में 'अजेय रथ' पर सवार न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में भी जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। दो मैचों की सीरीज में मेजबान टीम ने 1-0 की बढ़त बना रखी है।
हैमिल्टन में खेले जा रहे मैच में श्रीलंका की ओर से रखे गए 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 142 रन बनाए लिए हैं। न्यूजीलैंड को जीत के लिए अब 47 रन की जरूरत है जबकि उसके पांच विकेट शेष हैं।
तीसरे दिन स्टंप्स तक न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन 78 रन पर नाबाद लौटे जबकि बीजे वॉटलिंग को अभी अपना खाता खोलना है। विलियम्सन ने 120 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया है। न्यूजीलैंड की ओर से दूसरी पारी में रॉस टेलर 35 रन बनाकर आउट हुए जबकि कप्तान ब्रेंडन मैककुलम ने 18 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में दुष्मांथा चमीरा ने चार विकेट झटके। विलियम्सन ने श्रीलंका के खिलाफ खेली अपनी 6 पारियों में 5 बार 50 से ज्यादा का स्कोर कर चुके हैं।