न्यूजीलैंड का पाकिस्तान दौरा फिलहाल के लिए 'तालिबानी खौफ' में अटक गया है। दरअसल, पड़ोसी देश अफगानिस्तान में तालिबानी सत्ता के काबिज होने के कारण कुछ खिलाड़ियों ने पाकिस्तान दौरे पर सुरक्षा से संबंधित चिंताएं व्यक्त की थी, जिसके बाद टीम सुरक्षा सलाहकार रेग डिकासन से हरी झंडी मिलने के बाद ही पाकिस्तान के दौरे पर जाएगी। बता दें कि न्यूजीलैंड को पाकिस्तान दौरे पर तीन वन-डे और पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके लिए कीवी टीम को 11 सितंबर को इस्लामाबाद पहुचंना है। दोनों टीमों के बीच यह तीन अक्तूबर तक चलेगी। दोनों टीमों के बीच दौरे की शुरुआत वन-डे सीरीज से होनी थी। पहला वन-डे 17 सितंबर को खेला जाना था। वहीं, पांच मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 25 सितंबर से होनी थी।