न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड के बारे में शायद बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि क्रिकेट में आने से पहले वो एक स्ट्रग्लिंग ट्रैफिक पुलिस ऑफिसर थे। स्पोर्ट्सस्टार लाइव की रिपोर्ट के मुताबिक बल्लेबाजों के लिए हमेशा खौफ बने रहे बॉन्ड ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि कैसे इस मुश्किल नौकरी ने उन्हें दिमागी तौर पर और मजबूत बनाया।
दरअसल, उन्होंने ट्रैफिक पुलिस ऑफिसर होने के नाते एक वाहन को गलत साइड से जाने दिया था। इसके कारण दूसरी साइड खड़े लोगों ने उनका मजाक बनाया था। बॉन्ड ने बताया, 'वाकई वे दिन बहुत अच्छे नहीं थे। मगर उन दिनों ने उन्हें ऐसी स्थितियों में डाला, जिनसे वह दिमागी तौर पर और मजबूत बन गए। इन्हीं मुश्किल स्थितियों के कारण उनमें आत्मविश्वास आया और उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयारियां शुरू की।'
पढ़ेंः- शेन बॉन्ड ने कहा, ये है वर्तमान में टीम इंडिया का सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज
उन्होंने आगे कहा, 'मैं जानता था कि स्लेजिंग मेरे बस की बात नहीं है, लेकिन मैंने सिर्फ गेंदबाजी पर फोकस किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान भी वह खुद के साथ हमेशा ईमानदार रहे और फिजिकल फिटनेस को सबसे ज्यादा महत्व दिया।' मालूम हो कि शेन बॉन्ड फिलहाल न्यूजीलैंड ए साइड के कोच हैं। वह नेशनल टीम के बॉलिंग सलाहकार भी रह चुके हैं।
मौजूदा रोल पर बॉन्ड ने कहा कि वह अपने अनुभव के जरिए युवा खिलाड़ियों की मदद करते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा काम खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराना है। मुझे खुद से या मेरे समय से कुछ लेना देना नहीं है, वह जा चुका है। अब मुझे सिर्फ अपने अनुभव पर भरोसा है, क्योंकि मैं जानता हूं कि दबाव में खेलना कैसा होता है।' बता दें कि शेन बॉन्ड ने 18 टेस्ट मैचों में 87 विकेट चटकाए हैं। वहीं 82 वन-डे मैचों में उन्होंने 147 विकेट लिए हैं।