न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ग्लेन टर्नर को हैरानी है कि मौजूदा द्विपक्षीय सीरीज में भारत के पास जसप्रीत बुमराह की अगुआई में शानदार तेज आक्रमण होते हुए भी फिलहाल मेजबान का पलड़ा भारी लग रहा है। टर्नर को हालांकि उम्मीद है कि बुमराह और मोहम्मद शमी 21 फरवरी से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पांच मैचों की टी-20 सीरीज 5-0 से जीतने के बाद भारत ने वनडे सीरीज 0-3 से गंवा दी।
टर्नर ने कहा, ‘मेरे पास टी-20 क्रिकेट के लिए बिल्कुल समय नहीं है। यह खेल पर धब्बा है। पचास ओवरों के मैच में खेल होता है। मुझे लगता है कि दोनों टीमों के गेंदबाजों ने काफी निराश किया।’ उन्होंने कहा, ‘इस समय न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी लग रहा है लेकिन मैं हैरान हूं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि भारतीय टीम का प्रदर्शन वनडे सीरीज में बेहतर क्यों नहीं रहा।’
टर्नर ने कहा कि टेस्ट में भारत को दिक्कत हो सकती है क्योंकि उसने सफेद गेंद से काफी क्रिकेट खेली है। उन्होंने कहा, ‘शमी प्रतिभाशाली हैं और उनमें दमखम भी है। टेस्ट सीरीज शुरू होने पर उनका प्रदर्शन बेहतर होगा क्योंकि इसमें सीमित ओवरों की परिस्थितियां नहीं रहेंगी।’ उन्होंने बुमराह के बारे में कहा, ‘पारंपरिक गेंदबाजी एक्शन नहीं होने के बावजूद वह नैसर्गिक प्रतिभा के धनी हैं। उनकी गेंदें सटीक होती हैं और वनडे में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। वैसे वनडे से टेस्ट क्रिकेट के लिए स्टेमिना बनाने में मदद नहीं मिलती जहां दिन के 25 ओवर डालने होते हैं।’