न्यूजीलैंड ने रविवार को क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टेस्ट के पांचवें व अंतिम दिन श्रीलंका को रिकॉर्ड 423 रन से मात दी। कीवी टीम ने श्रीलंका के अंतिम तीन विकेट महज 14 गेंदों के अंदर चटकाए।
इसी के साथ न्यूजीलैंड ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास में 88 साल में यह पहला मौका है जब कीवी टीम ने लगातार चार टेस्ट सीरीज जीती हो। इससे पहले उसने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और पाकिस्तान को मात दी थी।
ट्रेंट बोल्ट (3 विकेट) और नील वेगनर (4 विकेट) ने श्रीलंका की पारी 9 विकेट पर 236 रन पर समेट दी क्योंकि एंजेलो मैथ्यूज अपनी पारी खेलने नही आ सके। टिम साउदी के खाते में दो विकेट दर्ज हुए। श्रीलंका ने अपनी पारी 231/6 के स्कोर से आगे बढ़ाई। सुरंगा लकमल को ट्रेंट बोल्ट ने दिन की तीसरी गेंद पर बोल्ड करके पवेलियन भेजा।
इसके बाद नील वेगनर ने दिलरुवान परेरा को अगले ओवर में आउट किया। परेरा ने 22 रन बनाए। फिर बोल्ट ने दुष्मंथा चमीरा को आउट करके श्रीलंकाई पारी समाप्त की। इस सीरीज में वेगनर विकेट के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने क्राइस्टचर्च में अपनी लय हासिल की और दूसरी पारी में 48 रन देकर चार विकेट झटके। बोल्ट ने 77 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
बता दें कि श्रीलंका ने पहले दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी 178 रन पर ऑलआउट की थी, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 104 रन पर सिमट गई। यहां से न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में उम्दा खेल दिखाया और श्रीलंका के सामने 660 रन का हिमालयीन स्कोर रखा। इसके जवाब में श्रीलंका की दूसरी पारी 236 रन पर सिमटी।