मार्टिन गप्टिल की शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहले वन-डे में बांग्लादेश को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। बांग्लादेश के 233 रनों के लक्ष्य को कीवी टीम ने 44.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज ने शानदार वापसी करते हुए 116 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 117 रन की पारी खेली। इसके अलावा हेनरी निकोल्स (53) ने अर्धशतक ठोका। जबकि रॉस टेलर ने 45 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले मोहम्मद मिथुन के अर्धशतक की मदद से बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में 48.2 ओवर में 232 रन बनाए। मिथुन ने 62 रन बनाए जो उस समय क्रीज पर आये थे जब बांग्लादेश ने 42 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का बांग्लादेश का फैसला गलत साबित हुआ। मिथुन का यह तीसरा वनडे अर्धशतक है और इसके लिये उसने 90 गेंद खेली।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज हारने वाली कीवी टीम के लिये स्पिनर मिशेल सेंटनर और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने तीन तीन विकेट लिए। बांग्लादेश को दूसरे ही ओवर में पहला झटका तमीम इकबाल के रूप में लगा जबकि लिटन दास भी ज्यादा देर टिक नहीं सके । स्कोर बोर्ड पर 19 रन टंगे थे कि बांग्लादेश के दो विकेट गिर गए।
मुशफिकर रहीम पांच रन बनाकर बोल्ट का शिकार हुए। सौम्य सरकार ने 22 गेंद में 30 रन बनाये जो मैट हेनरी को रिटर्न कैच देकर लौटे। वहीं शब्बीर रहमान ने सेंटनर की गेंद पर स्वीप शाट खेलने की कोशिश की और उनका पैर फिसल गया। विकेटकीपर टाम लाथम ने गिल्लियां बिखेरने में देर नहीं की।