रॉब वाल्टर दक्षिअफ्रीका के गेंदबाजी कोच रह चुके
- फोटो : ANI
न्यूजीलैंड ने गैरी स्टीड के स्थान पर रॉब वाल्टर को अपनी पुरुष क्रिकेट टीम के तीनों प्रारूपों का कोच नियुक्त किया है। वाल्टर जनवरी 2023 से इस साल अप्रैल तक दक्षिण अफ़्रीका की वनडे और टी20 टीमों के कोच रहे। इससे पहले वह न्यूज़ीलैंड के ओटागो प्रांत और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स एसोसिएशन में पांंच साल तक कोच रहे।
वाल्टर के कोच रहते हुए दक्षिण अफ्रीका ने वनडे विश्व कप 2023 और इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के सैनी फाइनल में जगह बनाई थी। यही नहीं उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका को टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई थी। स्टीड 2018 से तीनों प्रारूपों में न्यूजीलैंड के मुख्य कोच थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस सप्ताह के शुरू में घोषणा की कि वह उनके स्थान पर नए कोच की तलाश कर रहा है।
स्टीड ने मार्च में घोषणा की थी कि वह सीमित ओवरों के प्रारूपों में अपनी भूमिका से हट रहे हैं, लेकिन टेस्ट कोच के रूप में बने रहना चाहते हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने हालांकि कहा कि वह तीनों प्रारूपों के लिए एक कोच को प्राथमिकता देता है। वाल्टर ने कहा, 'ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ काम करना एक शानदार अवसर है। यह रोमांचक है, चुनौतीपूर्ण है और बहुत बड़ा अवसर है।'
विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट का केंद्रीय अनुबंध ठुकराया
पूर्व कप्तान केन विलियम्सन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ केंद्रीय अनुबंध को फिर से अस्वीकार कर दिया है और उनका अगले महीने जिंबॉब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज में खेलना संदिग्ध है। विलियम्सन ने पिछले साल भी केंद्रीय अनुबंध को स्वीकार नहीं किया था ताकि वह टी20 और दुनिया भर की अन्य लीगों में खेलने के लिए स्वतंत्र हो सकें। इसके बजाय उन्होंने पिछले साल एक अनौपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए और 2024 में न्यूज़ीलैंड ने जो 13 टेस्ट मैच खेले उनमें से नौ मैच में हिस्सा लिया और 1,000 से अधिक रन बनाए।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 20 खिलाड़ियों की सूची जारी की
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने मंगलवार को जिन 20 अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची जारी की उसमें विलियम्सन का नाम शामिल नहीं है। उनके अलावा डेवॉन कॉनवे, फिन एलन, टिम सीफर्ट और लॉकी फर्ग्यूसन भी इस सूची में शामिल नहीं है। यह सभी खिलाड़ी विदेशों में टी20 लीग में खेल रहे हैं। संभावना है कि विलियम्सन फिर से अनौपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर करेंगे। ऑलराउंडर मुहम्मद अब्बास और जैक फाउल्केस, विकेटकीपर मिच हे और स्पिनर आदि अशोक को पहली बार अनुबंध दिया गया है।