लखनऊ के स्टाफ सदस्य फोन इस्तेमाल करते हुए
- फोटो : Jiohotsar (videograb)
चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच रविवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले के दौरान एक नया विवाद सामने आ गया। मैच के दौरान कैमरे में एक शख्स कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
लखनऊ के स्टाफ सदस्य फोन इस्तेमाल करते हुए
- फोटो : Jiohotsar (videograb)
क्या है मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में दिख रहा सदस्य लखनऊ सुपर जाएंट्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बताया जा रहा है। टीवी प्रसारण के दौरान कैमरा जब लखनऊ के डगआउट की तरफ गया, तब वह कथित तौर पर फोन पर बात करता नजर आया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह दृश्य वास्तव में डगआउट का था या स्टेडियम के किसी वीआईपी एरिया का। फिलहाल इस मामले में किसी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ना ही संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की जा सकी है।
क्या कहते हैं बीसीसीआई के नियम?
आईपीएल के प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया (पीएमओए) नियमों के अनुसार, टीम मैनेजर को ड्रेसिंग रूम में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होती है, लेकिन डगआउट में फोन इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है। बीसीसीआई प्रोटोकॉल के मुताबिक, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपने मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य कम्युनिकेशन डिवाइस स्टेडियम पहुंचने पर जमा कराने होते हैं। केवल अधिकृत एनालिस्ट को अपने सिस्टम का इस्तेमाल करने की अनुमति होती है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर आईपीएल 2026 में डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप में 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। यह घटना आरसीबी के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले के दौरान हुई थी।
उर्विल पटेल
- फोटो : PTI
मैच में सीएसके की रोमांचक जीत
उर्विल पटेल की धुआंधार बल्लेबाजी से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांच विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 208 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। 2019 के बाद यह पहली बार है जब सीएसके ने 180+ रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है।
उर्विल पटेल
- फोटो : IPL
तालिका में पाचवें स्थान पर पहुंची सीएसके
सीएसके इस जीत के साथ ही अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। सीएसके के 11 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ 12 अंक हैं। सीएसके ने बेहतर नेट रन रेट के कारण राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान के भी इतने ही अंक हैं। वहीं, लखनऊ प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। लखनऊ 11 मैचों में तीन जीत और आठ हार के साथ छह अंक लेकर तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर मौजूद है।