महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि उन्होंने कभी अर्जुन अवॉर्ड हासिल करने के बारे में नहीं सोचा था। पंजाब की हरमनप्रीत उन 17 खिलाडियों में शामिल हैं जिन्हें मंगलवार को राष्ट्रपति अर्जुन पुरस्कार से नवाजेंगे।
भारतीय महिला ऑलराउंडर ने राष्ट्रीय खेल प्रतिभा खोज पोर्टल के लांच के अवसर पर कहा, ‘एक खिलाड़ी के लिए सरकार से मिलने वाली किसी भी तरह के सम्मान से आपका आत्मविश्वास बढता है। अर्जुन अवॉर्ड हासिल करना किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है। मैं सरकार की आभारी हूं कि मुझे इस पुरस्कार के लायक समझा। बहुत खुश भी हूं। इससे मुझे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।’ हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में 171 रन की यादगार पारी खेली थी।
28 वर्षीय हरमन चाहती हैं कि भारत में जल्द ही महिला आईपीएल की भी शुरुआत हो। वह ऑस्ट्रेलिया में होने वाली महिला बिग बैश लीग खेलीं लेकिन कंधे की चोट के चलते इंग्लैंड में होने वाली किआ सुपर लीग का हिस्सा नहीं बन सकी थीं। उन्होंने कहा, ‘हमारे विश्व कप में प्रदर्शन के बाद लोगों ने काफी हौसलाअफजाई की। हमें गर्व है कि अपने देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब रहे। आने वाले समय में और बेहतर करने का प्रयास करेंगे। ’