नेपाल की पुरुष क्रिकेट टीम 20 अगस्त से चार सितंबर तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) में अभ्यास करेगी। नेपाल की टीम ने यह कदम टी20 विश्व कप क्वालिफायर की तैयारियों को देखते हुए उठाया है। यह कदम दोनों देशों के युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के सहयोग से उठाया गया है।
अक्तूबर में होना है क्वालिफायर
टी20 विश्व कप क्वालिफायर इस साल अक्तूबर में होने वाले हैं। मुख्य टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा। भारत ने पिछले साल अगस्त में भी इस उत्कृष्टता केंद्र में नेपाल की टीम के प्रशिक्षण में सहयोग किया था। नेपाल ने पिछले साल जून में हुए टी20 विश्व कप से पहले बड़ौदा और गुजरात क्रिकेट संघ की टीमों के साथ त्रिकोणीय टी20 अभ्यास टूर्नामेंट में भी भाग लिया था।
विदेश मंत्री ने पिछले साल नेपाल टीम और क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों से की थी मुलाकात
भारत सरकार के एक अधिकारी ने कहा, 'क्रिकेट से जुड़े सहयोग ने भारत और नेपाल के बीच मजबूत और सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों में एक नया आयाम जोड़ा है। यह क्रिकेट के प्रति साझा जुनून के माध्यम से दोनों देशों के युवाओं को जोड़ रहा है।' विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत की प्रतिबद्धता को दिखाते हुए जनवरी 2024 में नेपाल की पुरुष क्रिकेट टीम और नेपाल क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी और नेपाल में क्रिकेट के विकास के लिए भारत के समर्थन से अवगत कराया था।
भारत सरकार ने इस साल मार्च में नेपाल में नेपाल की अंडर-19 टीमों और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ की टीम के बीच अभ्यास टूर्नामेंट के आयोजन में भी सहयोग दिया था। नेपाल की महिला टीम ने भी मई में थाईलैंड में हुए एशिया विश्व कप क्वालिफायर की तैयारी के लिए अप्रैल-मई में दिल्ली में एक तैयारी शिविर में भाग लिया था। नेपाल क्वालिफायर के फाइनल में पहुंचा।