फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम न्यूजीलैंड: विल यंग ने इस भारतीय को बताया दुनिया का बेहतरीन गेंदबाज, बोले- टेस्ट सीरीज दिलचस्प होगी

Sat, 14 Nov 2026 03:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, माउंट मोंगानुई

सार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अगले सप्ताह से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी हिस्सा लेंगे। बुमराह का सामना करने के लिए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज विल यंग तैयार हैं। उन्होंने बुमराह को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज करार दिया है।
विज्ञापन
विल यंग - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज विल यंग ने कहा कि भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी से 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज मेजबान टीम के लिए एक बड़ी परीक्षा बन जाएगी। हालांकि, उनका मानना है कि उनकी अपनी टीम के गेंदबाज भी मेहमान टीम को कड़ी चुनौती देने में पूरी तरह सक्षम हैं। घुटने की चोट के कारण अगस्त में श्रीलंका दौरे से बाहर रहने वाले बुमराह अब इस अहम टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध होंगे। 2024 में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की 3-0 की शानदार जीत के बाद दोनों टीमों के बीच यह पहला टेस्ट मुकाबला होगा। 
विज्ञापन
Trending Videos

पिछली टेस्ट सीरीज को कहा पुरानी बात 
यंग ने कहा, मुझे लगता है कि कुछ साल पहले भारत में खेली गई टेस्ट सीरीज अब पुरानी बात हो गई है। हमारे सामने एक बिल्कुल नई चुनौती है अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ दो बड़े टेस्ट मैच। ये मैच वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे, जो मेरे हिसाब से न्यूजीलैंड के सबसे प्रमुख टेस्ट वेन्यू में से हैं। इसी कारण इस बार चुनौतियां बिल्कुल अलग तरह की होंगी।
 

बुमराह की चुनौती पर क्या बोले यंग? 
यंग ने आगे कहा, आपने जैसा कहा कि बुमराह की वापसी से कुछ अलग तरह की चुनौतियां सामने आएंगी। वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। इसी कारण हमारे लिए काम मुश्किल होने वाला है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे पास भी कुछ शानदार गेंदबाज हैं। इसलिए, भारतीय बल्लेबाजों को भी हमारी गेंदबाजी के हिसाब से खुद को ढालना होगा। जैसा मैंने पहले भी कहा था, दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज बहुत दिलचस्प होने वाली है।

दोनों टीमें अगले साल द ओवल में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में जगह बनाने की मजबूत दावेदार हैं। 2021 की विजेता न्यूजीलैंड की टीम डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका (मौजूदा चैंपियन) दूसरे स्थान पर है। वहीं, दो बार की उपविजेता भारत चौथे स्थान पर है।

जब यंग से पूछा गया कि क्या 2024 में भारत में न्यूजीलैंड की सीरीज जीत का इस बार कोई असर पड़ेगा, तो यंग ने कहा कि उस दौरे से पूरी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा था। उन्होंने याद किया कि भारत आने से पहले श्रीलंका से मिली हार के बाद टीम ने किस तरह खुद को फिर से एकजुट किया था। यंग ने कहा, मुझे लगता है कि बिल्कुल असर पड़ेगा। वह सीरीज पूरी टीम के लिए बहुत अच्छी रही थी और उससे सभी को काफी आत्मविश्वास मिला। भारत जाने से पहले हम श्रीलंका से 2-0 से हार गए थे, लेकिन हमने अपनी सोच को और मजबूत किया। हमने हर गेंदबाज के खिलाफ एक खास प्लान बनाया, खुद पर भरोसा रखा, खुलकर खेलने का फैसला किया और हमेशा सकारात्मक विकल्प चुनने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, विश्व स्तरीय गेंदबाजों का सामना करना एक बड़ी चुनौती है, जो अपने आप में अच्छी बात है। मगर इस बार स्थिति अलग है। यह सीरीज न्यूजीलैंड में हो रही है, इसलिए हालात भी थोड़े अलग हैं। शुक्रवार को हवा एक बड़ा फैक्टर थी, जो भारत में हमेशा देखने को नहीं मिलती। इस वजह से टीम के साथ काफी समय बिताने से बल्लेबाजों को यह समझने में मदद मिलती है कि गेंदबाज क्या कर सकता है। फिर, मैच के दिन जैसी भी परिस्थितियां हों, आप अपनी स्किल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
विज्ञापन

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को सराहा 
टेस्ट सीरीज से पहले वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला होना है। इस सीरीज में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की तारीफ करते हुए यंग ने कहा, मुझे लगता है कि उनका गेंदबाजी आक्रमण काफी संतुलित है। उनके पास अर्शदीप के रूप में एक बाएं हाथ का गेंदबाज है, जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकता है। आकिब नबी ने भी दिखाया है कि वह गेंद को दोनों तरफ घुमा सकते हैं। दुर्भाग्य से कंबोज का सामना करने का मौका नहीं मिला, लेकिन वह भी एक बेहतरीन गेंदबाज लगते हैं। मुझे यकीन है कि टेस्ट सीरीज में हम उन्हें और ज्यादा देखेंगे। फिर बरार हैं, जिनमें बहुत जुनून है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें