इंग्लैंड के दो पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और माइकल एथर्टन ने यह 21वीं सदी की भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों की बेस्ट प्लेइंग-11 चुनी है। उन्होंने ऐसा स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान किया। ओपनिंग की जिम्मेदारी वीरेंद्र सहवाग और एलिस्टेयर कुक को दी गई है। कुक टेस्ट में इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं, सहवाग को किसी भी गेंदबाजी लाइन अप की बखिया उधेड़ने में महारत हासिल है।
पीटरसन और पंत भी टीम में
वहीं, पांचवां नंबर केविन पीटरसन को दिया गया है। पीटरसन अपने स्टायलिश अंदाज से किसी भी गेंदबाज की धुनाई कर सकते हैं। वहीं, विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। नासिर और एथर्टन ने पेस बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर बेन स्टोक्स को टीम में शामिल किया है और प्लेइंग-11 में एकमात्र स्पिनर रविचंद्रन अश्विन हैं। हैरानी की बात यह है कि इसमें न तो अनिल कुंबले हैं और न ही हरभजन सिंह और न ही ग्रीम स्वान। अश्विन जिन्हें इंग्लैंड दौरे पर बेंच पर बैठा दिया जाता था, उन्हें इसमें शामिल किया गया है। हालांकि, इंग्लैंड के भारत दौरे पर जरूर अश्विन ने कहर बरपाया। वहीं, नासिर और एथर्टन ने तीन पेसर के तौर पर स्टुअर्ट ब्रॉड, जसप्रीत बुमराह और जेम्स एंडरसन को शामिल किया है। एंडरसन और ब्रॉड भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।