संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के कारण जिस प्रतिबंधित गेंदबाज को आईसीसी ने अपनी हरी झंडी दे दी है उसे आईपीएल में खेलने के लिए फिर से टेस्ट देना ही होगा।
दिलचस्प है कि आईसीसी की अगुवाई में हुए टेस्ट के दौरान कैरेबियाई फिरकी गेंदबाज सुनील नारायन ने सफलतापूर्वक अपना टेस्ट पास कर लिया है लेकिन बीसीसीआई को यह परीक्षण स्वीकार्य नहीं है और वह अपने स्तर पर परीक्षण करवाना चाहता है।
बीसीसीआई के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने बुधवार को यह स्पष्ट कर दिया कि कोलकाता नाइटराइडर्स के फिरकी गेंदबाज सुनील नारायन को खेलने की अनुमति पाने के लिए बोर्ड की ओर से चेन्नई में आयोजित गेंदबाजी एक्शन पर अपना टेस्ट दे सकते है।
1989-90 में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली बंगाल टीम की सफलता के 25 वर्ष पूरे होने पर बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा, "मैंने उनसे (केकेआर प्रबंधन) से कह दिया है कि उन्हें फिर से टेस्ट के लिए आना पड़ेगा। हो सकता है कि यह एक बार हो या दो बार।" यह टेस्ट चेन्नई के श्री रामचंद्र यूनिवर्सिटी में होगा।
बीसीसीआई की तकनीकी समिति की बैठक 7 को कोलकाता में होगी। इस दिन आईपीएल का उद्धाटन समारोह होगा।