भारत के युवा ऑलराउंडर नमन धीर ने कहा है कि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से मिली सलाह ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी को लेकर काफी मदद की है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे से पहले नमन ने बताया कि जडेजा ने उन्हें बल्लेबाज और मैच की स्थिति के हिसाब से गेंदबाजी करने की सरल रणनीति समझाई, जिसका वह मौजूदा सीरीज में इस्तेमाल कर रहे हैं। नमन धीर ने तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। दो मैचों में उन्हें अभी तक कोई विकेट नहीं मिला है, लेकिन बल्लेबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों में उनकी इकॉनमी करीब छह रन प्रति ओवर रही है।
नमन धीर
- फोटो : ANI
जडेजा से मिली गेंदबाजी की सलाह
नमन ने कहा कि उन्होंने रवींद्र जडेजा से गेंदबाजी को लेकर काफी बातचीत की है। जडेजा ने उन्हें बताया कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस तरह की लाइन और लेंथ रखनी है और कब विकेट लेने के लिए आक्रामक गेंदबाजी करनी है तथा कब रन रोकने पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा, 'मैंने जड्डू भाई से काफी बात की है। उन्होंने मुझे बल्लेबाज के हिसाब से और मैच की स्थिति के अनुसार गेंदबाजी करने की सरल योजना बताई। अगर विकेट लेना है तो किस तरह गेंदबाजी करनी है और अगर रन रोकने हैं तो कौन सी लाइन और लेंथ रखनी है। यह मेरे लिए काफी मददगार रहा है।'
नमन धीर
- फोटो : ANI
आईपीएल में गेंदबाजी के कम मौके मिले
नमन ने बताया कि वह शुरुआत से ही गेंदबाजी करते रहे हैं, लेकिन आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण उन्हें नियमित रूप से गेंदबाजी करने के ज्यादा मौके नहीं मिल पाए। हालांकि घरेलू क्रिकेट में वह पंजाब के लिए गेंदबाजी करते हैं और शेर-ए-पंजाब लीग में भी उन्होंने गेंदबाजी की थी। उन्होंने कहा कि आईपीएल में आने के बाद उन्होंने अपनी गेंदबाजी पर ज्यादा काम करना शुरू किया, खासकर मुंबई इंडियंस के कैंप में। टीम के प्रशिक्षण और वहां मिले मार्गदर्शन ने उनकी गेंदबाजी को बेहतर करने में मदद की।
नमन धीर
- फोटो : ANI
गेंदबाजी में सुधार की जरूरत, बेहतर प्लान पर जोर
वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी नमन ने बात की। उन्होंने माना कि टीम ने कुछ मौकों पर ज्यादा रन दिए और बेहतर योजनाओं के साथ गेंदबाजी की जा सकती थी। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने 405 रन बनाए थे। नमन ने कहा कि उस पिच पर बल्लेबाजी के लिए परिस्थितियां अच्छी थीं और मैदान के एक तरफ की बाउंड्री भी छोटी थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजी इकाई को रन रोकने के लिए बेहतर योजनाओं के साथ उतरना होगा। उन्होंने साथ ही कहा कि दक्षिण अफ्रीका में 2027 वनडे विश्व कप के दौरान पिचों पर ज्यादा उछाल मिलने की उम्मीद है, जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
नमन धीर
- फोटो : ANI
नंबर 6-7 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी
नमन धीर को टीम प्रबंधन ने उनकी भूमिका को लेकर स्पष्ट जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उन्हें नंबर छह या सात पर बल्लेबाजी करने और जरूरत पड़ने पर पांचवें या छठे गेंदबाज की भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है। नमन ने कहा कि निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी करना उनके लिए नया नहीं है। वह आईपीएल में नंबर सात पर बल्लेबाजी कर चुके हैं। उनके मुताबिक इस भूमिका में तकनीक से ज्यादा मानसिक बदलाव की जरूरत होती है, क्योंकि नंबर छह या सात पर बल्लेबाजी के लिए कम समय मिल सकता है।
नमन धीर
- फोटो : ANI
655 रन के बाद मिला टीम इंडिया का बुलावा
नमन धीर ने शेर-ए-पंजाब लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह बनाई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 10 पारियों में 655 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 217 का रहा। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में उन्हें अभी तक बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला है।
गुवाहाटी में भारत ने 405 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था। नमन ने कहा कि बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलने के बावजूद वह टीम की जीत से खुश हैं। उन्होंने कहा कि मैच में बल्लेबाजी का विचार हमेशा दिमाग में रहता है, लेकिन टीम की बड़ी जीत ज्यादा महत्वपूर्ण थी।
नमन धीर
- फोटो : ANI
घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर उत्साहित
- तीसरा वनडे न्यू चंडीगढ़ के न्यू पीसीए स्टेडियम में खेला जाना है। यह इस मैदान पर पहला पुरुष वनडे मुकाबला होगा और नमन के लिए यह खास मौका है, क्योंकि उन्होंने यहां काफी क्रिकेट खेला है।
- उन्होंने कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उन्हें भारतीय टीम में चुना जाएगा और वह अपने घरेलू मैदान पर देश के लिए मैच खेलेंगे। शेर-ए-पंजाब लीग के बाद मिले टीम इंडिया के बुलावे को उन्होंने अपने लिए बेहद खास और यादगार मौका बताया।
- नमन ने पिच को लेकर शुरुआती अनुमान लगाते हुए कहा कि अगर सतह सामान्य तरीके से तैयार की जाती है तो 290 से 300 रन के आसपास का स्कोर अच्छा माना जा सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि विकेट देखने के बाद ही परिस्थितियों का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
- तीसरे वनडे में अगर उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो नमन ने किसी तय योजना के साथ उतरने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी बल्लेबाजी मैच की स्थिति और टीम की जरूरत के हिसाब से तय होगी। गेंदबाजी में भी वह सरल योजनाओं पर भरोसा कर रहे हैं और जडेजा से मिली सलाह को अमल में लाने की कोशिश कर रहे हैं।