भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में मैन ऑफ द मैच चुने गए ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडोर्फ अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं लेकिन उनका लक्ष्य लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलना है। बेहरेनडोर्फ ने ऑस्ट्रेलिया की आठ विकेट की जीत में 21 रन देकर चार विकेट झटके।
उन्होंने कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट सबसे बड़ा पुरस्कार है और निश्चित रूप से सभी क्रिकेटर ऑस्ट्रेलियाई टीम की हरे रंग की कैप पहनने का सपना संजोये होते हैं और मैं भी ऐसा ही करना चाहता हूं। मैं टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए सबकुछ कर रहा हूं।’ रांची में पदार्पण मैच में उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था और इस तेज गेंदबाज ने गुवाहाटी में भारत के शीर्ष चार बल्लेबाज रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली और मनीष पांडेय को 15 गेंद में आउट कर दिया था।