बांग्लादेशी विकेटकीपर मुशफिकर रहीम ने एक ट्विट कर एक और विवाद को न्यौता दे दिया, लेकिन विवाद होने से पहले ही उन्होंने स्थिति को संभाल भी लिया और माफी मांग ली।
हुआ यूं कि 31 मार्च की रात मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच खेला गया जिसमें मेजबान टीम इंडिया को हार मिली। इस हार के साथ ही भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म हो गई।
धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार 3 जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जिसमें बांग्लादेश पर एक रन से मिली रोमांचक जीत भी शामिल है। इस मैच का आखिरी ओवर हार्दिक पांड्या डाल रहे थे और मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। अंतिम ओवर में लगातार 2 गेंदों पर चौका लगाने के बाद मुशफिकर रहीम ने जमकर जश्न मनाया, लेकिन अगली गेंद पर वह कैच आउट हो गए। इसके बाद उनकी टीम लक्ष्य से 2 रन दूर रह गई और टीम को एक रन से हार मिली।
इसके बाद टीम इंडिया को सेमीफाइनल में हार मिली। वेस्टइंडीज के हाथों इस मैच में भारतीय टीम की हार के बाद रहीम ने ट्विट कर डाला, "इससे काफी खुशी मिली.....!!!!! #हा हा हा...। भारत सेमीफाइनल हार गया।"