टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले 3 टेस्ट मैचों की सीरीज का अंतिम और निर्णायक टेस्ट मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में शनिवार से खेला जाना है। इस मैच में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज के एल राहुल और शिखर धवन में से किसी एक का बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
इस बीच मैच से पहले मुरली विजय का एक बयान सामने आया है। विजय का कहना है कि के एल राहुल और शिखर धवन से उनकी दोस्ती इतनी गहरी है कि इस तरह की परिस्थिति से निपटने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं होती है।
धवन और राहुल ने तेज गेंदबाजों की मददगार कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच पर दूसरी पारी में 94 और 79 रन की क्रमशः शानदार पारी खेली थी। लेकिन नागपुर टेस्ट में निजी कारणों की वजह से धवन बाहर रहे और विजय को मौका मिला। विजय ने पहली पारी में 128 रन की पारी खेल अपनी वापसी की जबरदस्त दावेदारी ठोंकी।
ऐसे में सभी जानकारों का मानना है कि धवन और राहुल में से एक का दिल्ली टेस्ट से बाहर होना तय है। लेकिन जब इस बारे में विजय से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैदान के बाहर हम तीनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है जिससे चीजें आसान हो जाती है।
ये भी पढ़ेंः INDvSL: इस रिकॉर्ड के लिए विराट एंड कंपनी के ये 11 खिलाड़ी संभाल सकते हैं मोर्चा
उन्होंने कहा कि हालांकि जो बल्लेबाज लगातार हो जाए तो थोड़ा अस्थिर जरूर हो जाता है। लेकिन हम तीनों मैदान के बाहर अच्छे दोस्त हैं इसलिए ऐसे परिस्थितियों से आसानी से निपट लेते हैं। इससे आने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे और भविष्य में काफी मदद मिलेगी।
विजय ने दिल्ली टेस्ट में खेलने वाले संभावित एकादश और बल्लेबाजी क्रम के बारे में पूछे जाने पर कोई भी सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता अंतिम एकादश क्या रहने वाला है। टीम मैनेजमेंट जो भी फैसला करेगा उसके अनुसार हम खेलेंगे और अपना योगदान देंगे। फिलहाल मुझे नहीं पता कि टीम मैनेजमेंट किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरने वाली है।