चोट के कारण पिछले तीन मैचों में नहीं खले पाने वाले नियमित कप्तान अजित अगरकर की वापसी के बाद मजबूत दिख रही मुंबई की टीम शनिवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में पंजाब के विजय अभियान को रोकने की कोशिश करेगी। मुंबई के चार मैच में दस अंक हैं तथा ग्रुप ‘ए’ में पंजाब पांच मैचों में 29 अंक लेकर दूसरे और मध्य प्रदेश चार मैचों में 11 अंक के बाद तीसरे स्थान पर है।
वह यहां जीत दर्ज करके नाकआउट चरण में पहुंचने का अपना दावा मजबूत करने की कोशिश करेगा। इस ग्रुप से तीन टीमें नाकआउट में पहुंचेगी। पंजाब की टीम इस समय लय में है। उसने अभी तक पांच में से चार मैच जीते हैं। वह भी 39 बार के चैंपियन मुंबई को उसके मैदान पर हराने की कोशिश करेगा। इन दोनों टीमों के बीच यहां खेले गए पिछले मैच में मुंबई ने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी। पंजाब को भी कप्तान हरभजन सिंह की वापसी से मजबूती मिली है।
भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें इस मैच में खेलने की अनुमति दे दी है। मुंबई के अजिंक्य रहाणे भी इस मैच में खेलेंगे। ये दोनों इंग्लैंड के खिलाफ वर्तमान टेस्ट मैच में अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाए थे। हरभजन यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके नागपुर टेस्ट मैच के लिए टीम में वापसी की कोशिश करेंगे। यदि उन्हें इस टेस्ट में खेलने का मौका मिलता है तो यह उनका 100वां टेस्ट मैच भी होगा।
अन्य मुकाबले
विदर्भ बनाम उत्तर प्रदेश
पंजाब बनाम मुंबई
असम बनाम हिमाचल प्रदेश
कर्नाटक बनाम दिल्ली
केरल बनाम जे एंड के
महाराष्ट्र बनाम हरियाणा