बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन 5.2 ओवर में हैदराबाद के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने कप्तान रोहित शर्मा (24) को मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को बड़ा झटका दिया। पहले विकेट के लिए रोहित और डिकॉक के बीच 36 रन की साझेदारी हुई।
यहां से क्विंटन डिकॉक ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 90 तक पहुंचाया। मगर 12वें ओवर की चौथी गेंद पर खलील अहमद ने सूर्यकुमार यादव (23) को राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया और मुंबई को दूसरा झटका दिया। दूसरे विकेट के लिए इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 54 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके अगले ही ओवर में (12.4) मोहम्मद नबी ने सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए एविन लुईस (1) को विजय शंकर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद 15.5 ओवर में हैदराबाद ने हार्दिक पांड्या (18) के रूप में मुंबई को चौथा झटका दिया। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने हार्दिक को मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। इसके बाद किरोन पोलार्ड (10) के रूप में मुंबई को पांचवां झटका लगा। 19.1 ओवर में खलील ने उन्हें अभिशेक शर्मा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वहीं, हैदराबाद की तरफ से खलील अहमद ने सबसे अधिक 3 विकेट झटके।
इससे पहले मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। आज के इस मुकाबले में मेजबान टीम मुंबई ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए डावे की जगह मार्टिन गुप्टिल और संदीप शर्मा की बसिल थंपी को शामिल किया है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
हैदराबाद: मार्टिन गुप्टिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियमसन (कप्तान), मोहम्मद नबी, विजय शंकर, राशिद खान, अभिषेक शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद बसिल थंपी।
मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एविन लुईस, सूर्यकुमार यादव, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, बरिंदर शरण, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा।