बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और डिकॉक की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई, मगर सातवें ओवर की पहली गेंद पर अमित मिश्रा ने रोहित को आउट किया। वह 30 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और एक छक्के लगाए। पहले विकेट के लिए रोहित ने डिकॉक के साथ मिलकर 57 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की।
रोहित के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए बेन कटिंग (2) को अक्षर पटेल ने आठवें ओवर की पांचवीं गंद पर चलता किया। कटिंग के रूप में मुंबई को दूसरा झटका लगा। इसके बाद सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (30) के रूप में मुंबई का तीसरा विकेट गिरा। वह रनआउट हो गए।
15.1 ओवर में सूर्यकुमार यादव के रूप में मुंबई को चौथा झटका लगा। कागिसो रबाडा ने उन्हें विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर कागिसो रबाडा ने हार्दिक पांड्या के रूप में मुंबई को पांचवां झटका दिया। उन्होंने 15 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 32 रन की शानदार पारी खेली।
इससे पहले मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, तीन बार की चैंपियन मुंबई ने आज के मैच में दो बदलाव करते हुए इशान किशन की जगह बेन कटिंग और जेसन बेहरेनडोर्फ की जगह जयंत यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।
दिल्लीः पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, कॉलिन मुनरो, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), क्रिस मॉरिस, अक्षर पटेल, कागिसो रबाडा, कीमो पॉल, अमित मिश्रा, इशांत शर्मा।
मुंबईः रोहित (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, बेन कटिंग, क्रुनाल पांड्या, राहुल चाहर, जयंत यादव, लसिथ मलिंगा, जसप्रित बुमराह।