मुंबई के गेंदबाजों के लिए जहां पंत, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ को रोकना चुनौती होगी। वहीं उसके बल्लेबाजों के लिए कैगिसो रबादा के तूफान से पार पाना आसान नहीं होगा। दिल्ली ने अब तक आठ में से जो पांच मैच जीते हैं उनमें रबादा की भूमिका अहम रही है। इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने अब तक 17 विकेट लिए हैं। क्रिस मॉरिस (11 विकेट) ने भी उनका अच्छा साथ निभाया है। रबाडा ने मुंबई के खिलाफ चार विकेट झटके थे। कोलकाता के खिलाफ कोटला में ही सुपरओवर में वह जीत के नायक रहे। दर्शकों को रोहित शर्मा और रबाडा के बीच रोचक जंग की उम्मीद रहेगी। साथ ही यह देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक और डेथ ओवर्स में धमाचौकड़ी मचाने वाले हार्दिक पांड्या उनका किस तरह से सामना करते हैं।
दिल्ली के बल्लेबाजों विशेषकर शॉ और पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा जैसे तेज गेंदबाजों से निबटना होगा। इन गेंदबाजों के सामने भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहे जा रहे इन दोनों बल्लेबाजों का रवैया कैसा रहता है यह देखना दिलचस्प होगा। दिल्ली ने जहां पिछले तीनों मैच जीते हैं वहीं मुंबई की टीम अभी तक जीत की लय बरकरार रखने में नाकाम रही है। बल्लेबाजी में अक्सर पंड्या ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करके टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। कीरोन पोलार्ड, युवराज सिंह और सूर्यकुमार यादव टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। शीर्ष क्रम नाकाम रहने पर इनकी भूमिका अहम साबित होगी।