लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई के ओपनर फाफ डू प्लेसिस (26) का विकेट जल्द गंवा दिया था। सुरेश रैना को राहुल चाहर ने आठ रन पर एलबीडब्ल्यू कर दिया था। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (02) नजदीकी अंतर से गैर बल्लेबाजी छोर पर रनआउट हो गए। मगर पिछले मैच में अर्द्धशतक बनाने वाले वाटसन ने अपनी फॉर्म जारी रखी।
अंतिम गेंद पर विकेट लेने वाले श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने इससे पहले अपने तीन ओवरों में काफी रन लुटाए थे। मलिंगा के पारी के छठे ओवर में वाटसन ने उनकी गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। अंतिम पांच ओवरों में जब चेन्नई को 62 रन की जरूरत थी, तब मलिंगा ने बीस रन दे डाले जिसमें वाटसन के तीन चौकों के अलावा ड्वेन ब्रावो (15) का एक छक्का भी शामिल था।
वाटसन ने 44 गेंदों पर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। वाटसन ने 18वें ओवर में क्रुणाल पंड्या की गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़े। अंतिम दो ओवरों में 18 रन चाहिए थे लेकिन बुमराह ने ड्वेन ब्रावो को विकेट के पीछे कैच करा दिया। अगली तीन गेंदों पर चार रन आए लेकिन अंतिम गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक की गलती से चौका चला गया। अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर वाटसन के रनआउट होना टर्निंग प्वाइंट बन गया।
इससे पहले मुंबई के सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डी कॉक (29) और रोहित शर्मा (15) ने पावरप्ले में मुंबई को तेज शुरुआत दिलाई थी। हालांकि चेन्नई के मीडियम पेसर दीपक चाहर (3/26), शार्दुल ठाकुर (2/37) और स्पिनर इमरान ताहिर (2/23) ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मुंबई को बड़े स्कोर से रोक लिया। बर्थडे ब्वॉय किरोन पोलार्ड ने नाबाद 41 रन की पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई के ओपनर क्विंटन डी कॉक ने दीपक चाहर के दूसरे ओवर में तीन छक्के लगाए थे, लेकिन चाहर ने अपने तीसरे ओवर में रोहित शर्मा को न केवल आउट किया बल्कि मेडन ओवर फेंकते हुए दमदार वापसी की।
हालांकि पहला विकेट पांचवें ओवर में 45 रन पर गिर गया था जब शार्दुल ने क्विंटन डी कॉक को विकेट के पीछे लपकवा दिया था। पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले सूर्य कुमार यादव (15) को इमरान ताहिर ने अपने पहले ही ओवर में आउट कर दिया। इशान किशन (23) ताहिर का दूसरा शिकार बने।
जब हार्दिक पंड्या (16) और किरोन पोलार्ड रनगति बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे तब चाहर ने 19वें ओवर में हार्दिक को एलबीडब्ल्यू कर दिया। यही नहीं चाहर ने इस ओवर में चार रन ही दिए। अंतिम ओवर में मुंबई पोलार्ड की मदद से नौ रन बनाने में सफल रही, जिसमें अंतिम दो गेंद पर लगाए चौके शामिल था। ब्रावो के इस ओवर में मैक्लेनघन दूसरा रन लेने के प्रयास में रनआउट भी हो गए थे।