पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग2023 के लिए अपनी जर्सी लॉन्च कर दी है। मुंबई इंडियंस ने इस बार अपने फैंस को एक खास तोहफा दिया है। इस बार मुंबई के फैन अपने नाम और अपने पसंदीदा नंबर के साथ जर्सी खरीद सकेंगे। वहीं, पहले की तरह खिलाड़ियों के नाम और सामान्य जर्सी भी उपलब्ध होंगी। मुंबई के युवा फैंस के लिए भी जर्सी लॉन्च की गई है। मुंबई इंडियंस की तरफ से बताया गया है कि हर वर्ग के फैंस को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग साइज में जर्सी उपलब्ध होगी।
जर्सी के लॉन्च पर बोलते हुए मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने कहा, "हमारी टीम की जर्सी मुंबई इंडियंस की संस्कृति को दर्शाती है। वर्षों से मुंबई इंडियंस कई उम्मीदों का घर रही है, जो सभी के लिए प्रेरणा हैं। यह हमारी मूल भावना को दर्शाता है। मुंबई की टीम हर उस व्यक्ति के लिए अवसरों के साथ अपनी बाहें खोलती है जो सपने देखता है और अपने भविष्य में विश्वास करता है। हम अपने प्रशंसकों के समर्थन और जुनून के साथ मैदान पर कदम रखने के लिए तत्पर हैं, क्योंकि हम इस जर्सी को पहनते हैं।"
मुंबई इंडियंस अपने आईपीएल 2023 अभियान की शुरुआत दो अप्रैल से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ करेगी। वहीं, आठ अप्रैल, 2023 को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना पहला घरेलू मैच खेलेगी। पिछले सीजन में मुंबई 14 मैचों में केवल चार जीत और कुल आठ अंकों के साथ अंतिम स्थान पर रही थी। इस बार यह टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), टिम डेविड, रमनदीप सिंह, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, जोफरा आर्चर, जसप्रीत बुमराह, अर्जुन तेंदुलकर, अरशद खान, कुमार कार्तिकेय, ऋतिक शौकीन, जेसन बेहरेनडोर्फ , आकाश मधवाल, कैमरन ग्रीन, झाय रिचर्डसन, पीयूष चावला, डुआन जानसेन, विष्णु विनोद, शम्स मुलानी, मेहल वढेरा, राघव गोयल।