मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल के हर मैच में एक खास संदेश दे रहे हैं। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शनिवार रात खेले गए मुकाबले में वह फिर से अपने खास जूतों में नजर आए। इस बार उन्होंने कोरल बचाने की अपील की है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मुकाबले में रोहित अपने जूतों पर एक खूबसूरत कलाकारी से समुद्री जीवन के प्रति जागरुकता पैदा करते नजर आए, इससे पहले उन्होंने उद्घाटन मैच में आरसीबी के खिलाफ अपने जूतों पर गैंडा और केकेआर के साथ दूसरे मुकाबले में प्लास्टिक मुक्त समुद्र का संदेश दिया था।
दरअसल, कोरल समुद्र तल में पाया जाने वाला बिना रीढ़ की हड्डी वाला जंतु है। वन्य जीव जंतुओं, समुद्री जीवों और उनसे बनी चीजों की तस्करी भी होती है। वन्य जीव प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत यह गैरकानूनी है और वाइल्ड लाइफ एक्ट में शेड्यूल वन के तहत प्रतिबंधित है। समुद्र तलहटी में करीब पांच हजार स्पीशीज पाई जाती है जिसमें ऑक्टोपस, स्टारफिश और मछलियों का घर होता है।
मैच की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा के गेंदबाजों ने इस सीजन में दिखा दिया है कि 150 के आसपास के लक्ष्य को भी अनुशासित गेंदबाजी से बचाया जा सकता है। मुंबई ने शनिवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को दो गेंद शेष रहते 13 रन से हरा दिया। हैदराबाद को 151 का लक्ष्य मिला था और टीम 19.4 ओवरों में 137 पर सिमट गई। स्पिनर राहुल चाहर ने 19 रन देकर और ट्रेंट बोल्ट ने 28 रन देकर तीन-तीन विकेट बांटे। बुमराह को विकेट तो एक मिला, लेकिन चार ओवरों में उन्होंने महज 14 रन दिए।