मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग 2027 से पहले लिसा कीटली से अलग होकर ऑस्ट्रेलिया के ल्यूक विलियम्स को टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि सितंबर 2025 में मुख्य कोच नियुक्त की गईं कीटली ने पद छोड़ने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज कीटली के मार्गदर्शन में दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस पांच टीमों वाले टूर्नामेंट में चौथे स्थान पर रही थी। यह टूर्नामेंट के चार सत्रों में टीम का सबसे खराब प्रदर्शन रहा। मुंबई इंडियंस ने 2023 और 2025 में डब्ल्यूपीएल का खिताब जीता था, जबकि 2024 में टीम एलिमिनेटर तक पहुंची थी।
लिसा कीटली ने छोड़ा पद
फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, 'मुंबई इंडियंस ने घोषणा की है कि लिसा कीटली ने टीम के मुख्य कोच के पद से आगे बढ़ने का फैसला किया है। उनकी जगह ल्यूक विलियम्स 2027 महिला प्रीमियर लीग सत्र से पहले टीम के नए मुख्य कोच होंगे।' विलियम्स ने कहा, हमारे पास मिलकर कुछ खास तैयार करते हुए रोमांचक अंदाज में क्रिकेट खेलने और सफलता के लिए प्रतिस्पर्धा करने का शानदार अवसर है।
आरसीबी के कोच रह चुके हैं विलियम्स
विलियम्स 2025 डब्ल्यूपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की पहली खिताबी जीत के दौरान टीम के मुख्य कोच थे। वह द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव महिला टीम और महिला बिग बैश ली’ में एडिलेड स्ट्राइकर्स महिला टीम के साथ भी मुख्य कोच की भूमिका निभा चुके हैं। टीम की मालिक नीता अंबानी ने कहा, ल्यूक एक सफल कोच हैं और अपने साथ व्यापक अनुभव, महिला क्रिकेट की गहरी समझ तथा खिलाड़ियों के विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता लेकर आए हैं।
विलियम्स ने 2005-06, 2007-08 और 2009-10 में ग्रेड क्रिकेट का प्रतिष्ठित ब्रैडमैन मेडल तीन बार जीता है। वह इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में मुंबई इंडियंस की पूर्व मुख्य कोच चार्लोट एडवर्ड्स के साथ भी काम कर चुके हैं।
अगले महीने होगी नीलामी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में बताया था कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्तूबर को कोच्चि में होगी। खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है। बीसीसीआई ने कहा कि पांचों फ्रेंचाइजी को अपने मौजूदा दल के खिलाड़ियों को बरकरार रखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे आगामी सत्र के लिए अपने टीम संयोजन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू करेंगी। 2026 में स्मृति मंधाना की अगुआई वाली आरसीबी ने अपना दूसरा डब्ल्यूपीएल खिताब जीता था। अब तक मुंबई इंडियंस और आरसीबी ने दो-दो बार खिताब अपने नाम किए हैं।