लगातार दो जीत के साथ लय में लौटी गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में अंतिम स्थान पर चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत की प्रबल दावेदार होगी।
मुंबई ने अपने पिछले मैच में कीरोन पोलार्ड की तूफानी पारी की बदौलत फॉर्म में चल रहे चेन्नई सुपरकिंग्स को चार विकेट से हराया। पोलार्ड ने 34 गेंद में नाबाद 87 रन की मैच विजेता पारी खेली थी।
इसके अलावा रोहित शर्मा (250 रन), क्विंटन डि कॉक (155 रन), क्रुणाल पंड्या (100 रन), हार्दिक पंड्या (52 रन) और सूर्यकुमार यादव (173 रन) विरोधी टीम को ध्वस्त करने में सक्षम हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह (06 विकेट) और ट्रेंट बोल्ट (08 विकेट) के अलावा 11 विकेट लेने वाले राहुल चाहर भी हैं।
दूसरी तरफ सनराइजर्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 55 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा जो मौजूदा सत्र में टीम की सात मैचों में छठी हार है। टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है जिसमें खराब फॉर्म से जूझ रहे डेविड वॉर्नर से कप्तानी केन विलियम्सन को सौंप दी गई है।
टीम अपने शीर्षक्रम विशेषकर जॉनी बेयरस्टो (248 रन) पर काफी अधिक निर्भर है लेकिन मध्यक्रम ने अधिकांश मौकों पर टीम को निराश किया है। विजय शंकर (58 रन), केदार जाधव (40 रन), अब्दुल समद (36 रन) और मोहम्मद नबी (31 रन) को भी बल्ले से बेहतर योगदान देना होगा।
स्टार लेग स्पिनर राशिद खान 10 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं लेकिन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (03 विकेट) और खलील अहमद (04 विकेट) उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं।
टीमें इस प्रकार हैं :
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), एडम मिल्ने, आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकुल रॉय, अर्जुन तेंदुलकर, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, हार्दिक पंड्या, इशान किशन, जेम्स नीशाम, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, मार्को जेनसन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर नाइल, पीयूष चावला, क्विंटन डि कॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट और युद्धवीर सिंह।
सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियम्सन (कप्तान), डेविड वॉर्नर, जॉनी बेयरस्टो, मनीष पांडेय, श्रीवत्स गोस्वामी, रिद्धिमान साहा, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, विराट सिंह, जेसन होल्डर, मोहम्मद नबी, राशिद खान, शाहबाज नदीम, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा, खलील अहमद, सिद्धार्थ कौल, बासिल थम्पी, जगदीश सुचित, केदार जाधव और मुजीब उर रहमान।
मैच : शाम 7.30 बजे से।