'सिंक्सर किंग' के नाम से मशहूर टीम इंडिया के पूर्व स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह, वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार खिलाड़ी एबी डीविलियर्स एक साथ टी-20 मैच में खेलते नजर आ सकते हैं। मेलबर्न के एक क्रिकेट क्लब ने ऐसा दावा किया है। मेलबर्न के ईस्टर्न क्रिकेट एसोसिएशन (ईसीए) में खेलने वाले मुलग्रेव क्रिकेट क्लब ने कहा है कि वे ब्रायन लारा और एबी डीविलियर्स के अलावा कुछ अन्य दिग्गज खिलाड़ियों के साथ इस बारे में बातचीत कर रहे हैं। मुलग्रेव क्लब के अध्यक्ष मिलन पुलेनयेगम ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, 'हमने दिलशान से बात कर ली है, सनथ जयसुर्या और उपुल थरंगा को भी मना लिया है। अब हम कुछ अन्य संभावित खिलाड़ियों के साथ भी संपर्क में हैं। हम क्रिस गेल और युवराज से भी बातचीत कर रहे हैं और इस पर लगभग 85 से 90 प्रतिशत काम हो चुके हैं।'