देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई दिशा देने, उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त बनाने और 'वोकल फॉर लोकल' के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अमर उजाला नई दिल्ली के भारत मंडपम में एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव, एक्सपो व एवं अवार्ड्स 2025 का आयोजन कर रहा है। समारोह में उद्योग, मनोरंजन और एमएसएमई जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं जिनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी शामिल रहे। उन्होंने इस दौरान भारतीय वनडे टीम की कप्तानी में हुए बदलाव पर चर्चा की।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे टीम की कमान संभालेंगे गिल
गिल इस महीने होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय वनडे टीम की कमान संभालेंगे। रोहित भी इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले गिल को रोहित की जगह टेस्ट टीम की कमान भी सौंपी गई थी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 19 अक्तूबर से होगी। गिल फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
गिल को वनडे टीम की कमान सौंपे जाने से खफा हुए कैफ
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के इस फैसले पर मोहम्मद कैफ ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि गिल को अभी और सीखना चाहिए था। कैफ ने अमर उजाला से कहा, 'अगर आप जिम जा रहे हैं तो एक साल में बॉडी नहीं बनती। अगर रोहित शर्मा का एग्जामपल दें तो वे 33 साल में कैप्टन बने। तीन साल कैप्टन रहे। आते ही इंडिया को उन्होंने रिजल्ट दिया। लोग जल्दबाजी करते हैं। रोहित ने 16 मैचों में कप्तानी करी और 15 मैच जीते। शुभमन को कप्तानी सौंपने की खिलाफत करता हूं। उन्हें अभी और सीखना चाहिए था। अचानक से उनपर वर्कलोड बढ़ा दिया गया है। मेरा मानना है कि उन्हें रोहित शर्मा की कप्तानी के अंदर और वक्त बिताना चाहिए था। ताकि उन्हें बेहतर रिजल्ट मिलते।'