फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पुराने नियम पर लौट सकते हैं': गिल की गेंद पर लार के इस्तेमाल की मांग का किसने किया समर्थन, क्या बोले?

Fri, 27 Nov 2026 10:40 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्व भारतीय मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने शुभमन गिल की गेंद पर लार के इस्तेमाल से प्रतिबंध हटाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान लागू हुआ यह नियम अब खत्म किया जा सकता है, क्योंकि मौजूदा समय में बल्लेबाजों का दबदबा बढ़ रहा है और गेंदबाजों को मदद की जरूरत है। 

विज्ञापन
शुभमन गिल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कप्तान शुभमन गिल की गेंद पर लार के इस्तेमाल से प्रतिबंध हटाने की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नियम लागू किया गया था, लेकिन अब परिस्थितियां बेहतर हो चुकी हैं। ऐसे में क्रिकेट में पुराने नियम को फिर से लागू करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन
Trending Videos

क्या बोले प्रसाद?
एमएसके प्रसाद ने कहा कि मौजूदा समय में बल्लेबाजों का दबदबा काफी बढ़ गया है और गेंदबाजों को विकेट हासिल करने के लिए अतिरिक्त मदद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति देना गेंदबाजों के हित में एक अच्छा कदम हो सकता है।

आईएएनएस से खास बातचीत में प्रसाद ने कहा, 'मैं शुभमन गिल की बात से सहमत हूं। यह नियम कोविड-19 के दौरान लागू किया गया था, जब खिलाड़ियों को गेंद पर लार का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी। अब हालात बेहतर हैं, इसलिए पुराने नियम पर वापस लौटा जा सकता है। आजकल बल्लेबाजों का दबदबा देखिए। हाल ही में एक मैच में 720 रन बने। गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं बचा है। ऐसे में उन्हें छोटी-छोटी मदद मिलनी चाहिए।'

गिल, पंत और पृथ्वी शॉ को लेकर किया बड़ा खुलासा
  • बातचीत के दौरान एमएसके प्रसाद ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपने कार्यकाल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि साल 2016 से 2020 के बीच उनकी चयन समिति ने भारतीय क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तीन स्तरों पर खिलाड़ियों की टीम तैयार की थी।
  • प्रसाद के मुताबिक, चयन समिति का मुख्य उद्देश्य नई प्रतिभाओं को पहचानना और टीम के लिए मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार करना था। उन्होंने बताया कि उनकी समिति ने करीब 60 खिलाड़ियों की पहचान की थी, जिन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया था। इनमें मौजूदा टीम के 20 खिलाड़ी, दूसरे स्तर के 20 खिलाड़ी और तीसरे स्तर के 30 खिलाड़ी शामिल थे।
  • उन्होंने खुलासा किया कि ऋषभ पंत, शुबमन गिल और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ी उस समय उनकी योजना की तीसरी श्रेणी यानी सी टीम का हिस्सा थे। प्रसाद ने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी क्षमता और टीम की जरूरत के हिसाब से धीरे-धीरे अगले स्तर पर पहुंचाया जाता था। ए टीम में जगह खाली होने पर बी टीम के खिलाड़ियों को मौका मिलता था और बी टीम में खाली जगह को सी टीम के खिलाड़ियों से भरा जाता था।
  • उन्होंने कहा कि आज पांच साल बाद पीछे मुड़कर देखने पर खुशी होती है कि जिन खिलाड़ियों को उनकी समिति ने तीसरे स्तर पर पहचाना था, उनमें से कई आज भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। यह चयन समिति की दूरदर्शी योजना की सफलता को दर्शाता है।

महिला क्रिकेट के विकास का श्रेय जय शाह को दिया
एमएसके प्रसाद ने भारतीय महिला क्रिकेट के तेजी से बढ़ते स्तर पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने इसके विकास का श्रेय कई लोगों को देते हुए पूर्व बीसीसीआई सचिव और मौजूदा आईसीसी चेयरमैन जय शाह की भूमिका को अहम बताया।प्रसाद ने कहा कि जय शाह ने पुरुष और महिला क्रिकेट के बीच आर्थिक असमानता को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। महिला क्रिकेटरों की आर्थिक स्थिति बेहतर होने से अधिक लड़कियां इस खेल की ओर आकर्षित हुईं और उन्हें क्रिकेट में करियर बनाने का अवसर मिला।

उन्होंने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन के योगदान का भी जिक्र किया। प्रसाद के मुताबिक, साल 2012-13 में आंध्र क्रिकेट देश की पहली ऐसी क्रिकेट एसोसिएशन थी, जिसने महिला क्रिकेट के लिए अपनी तरह की अकादमी शुरू की थी। उन्होंने बताया कि शुरुआती दो वर्षों तक नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) का संचालन भी आंध्र प्रदेश के गुंटूर में हुआ था। उस दौरान भारतीय महिला टीम के राष्ट्रीय शिविर भी गुंटूर में आयोजित किए जाते थे। झूलन गोस्वामी और मिताली राज जैसी दिग्गज खिलाड़ी भी वहां आती थीं।
विज्ञापन

एन श्री चरणी और हेनरीटा परेरा की तारीफ की
प्रसाद ने भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती प्रतिभा एन श्री चरणी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि श्री चरणी आंध्र क्रिकेट से निकलकर सामने आई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक हैं और उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा हैउन्होंने श्री चरणी को महिला क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए कहा कि वह आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच चुकी हैं। प्रसाद ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) को भी नई प्रतिभाओं को सामने लाने का बड़ा मंच बताया।

इसके अलावा उन्होंने आंध्र की बल्लेबाज हेनरीटा परेरा को भी भारतीय महिला टीम का भविष्य बताया। हेनरीटा अगले महीने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ए के खिलाफ होने वाले भारत ए के मल्टी-डे मुकाबले में खेलेंगी। प्रसाद ने उनकी बल्लेबाजी, फील्डिंग और खेल को समझने की क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और आने वाले समय में भारतीय टीम में जगह बनाने की क्षमता रखती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें