आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च को होगा। उद्घाटन मुकाबले में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस का सामना चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा। सीजन के पहले ही मैच में हार्दिक पांड्या और महेंद्र सिंह धोनी आमने-सामने होंगे। धोनी 41 साल के हो चुके हैं और यह उनका आखिरी आईपीएल हो सकता है। उससे पहले पिछले सीजन तक उनकी टीम में रॉबिन उथप्पा ने एक मजेदार खुलासा किया है। उन्होंने धोनी के अजीबोगरीब खाने के तरीकों के बारे में बताया है।
रॉबिन उथप्पा ने कहा कि जब खाने की बात आती है तो धोनी काफी अजीब हैं। धोनी को अपनी पीढ़ी के सबसे फिट खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। उथप्पा और धोनी एक दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और सीएसके के लिए आईपीएल में भी ड्रेसिंग रूम साझा किया है। उथप्पा ने 'माई टाइम विद हीरोज' के एक एपिसोड 'माई टाइम विद धोनी फीट उथप्पा' में साथ बिताए समय को याद किया।
उथप्पा ने क्या कहा?
उथप्पा ने धोनी की अजीब और अनोखी खाने की आदतों का खुलासा किया। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''हमारा एक ग्रुप था, जिसमें मेरे साथ धोनी, सुरेश रैना, इरफान पठान, आरपी सिंह, पीयूष चावला, मुनाफ पटेल जैसे खिलाड़ी शामिल थे। हम दाल मखनी, बटर चिकन, जीरा आलू, गोबी और रोटियां ऑर्डर करते थे। जब खाने की बात आती है तो धोनी बहुत कठोर व्यक्ति होते हैं। वह बटर चिकन खाते थे लेकिन चिकन के बिना, सिर्फ ग्रेवी के साथ। जब वह चिकन खाते थे तो रोटियां नहीं खाते। खाने के मामले में वह काफी अजीब हैं।''
धोनी ने कहा- मुझे माही ही बुलाओ
उथप्पा ने चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ अपने पहले सीज़न का खुलासा किया। उन्होंने देखा कि सभी धोनी को माही भाई कहते हैं और जब उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें भी ऐसा ही करना चाहिए तो धोनी ने कहा कि मुझे सिर्फ माही बुलाओ। उथप्पा की बात करें तो वह अब आईपीएल में नहीं खेलेंगे। वह अब बाहरी टी20 लीगों में खेल रहे हैं।
पिछले सीजन में सिर्फ दो मैच जीत सकी थी चेन्नई की टीम
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम पिछले सीजन में 14 में से 10 मैचों में हारी थी। उसे सिर्फ चार जीत मिली थी। चेन्नई के आठ अंक थे। उसके चिर-प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस के भी आठ ही अंक थे, लेकिन वह नेट रनरेट में पीछे रहा था। मुंबई की टीम 10वें पायदान पर रही थी। टॉप-4 में दो नई टीमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स रही थीं। गुजरात ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब पर कब्जा किया था।
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रवींद्र जडेजा, डेवोन कॉन्वे, ऋरुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडू, शुभ्रांशु सेनापति, मोइन अली, शिवम दुबे, राजवर्धन हंगरगेकर, ड्वेन प्रीटोरियस, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मथीशा पथिराना, सिमरजीत सिंह, प्रशांत सोलंकी, महीश तीक्ष्णा, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, शेख राशिद, निशांत सिंधू, अजय मंडल, भगत वर्मा।