धोनी की स्टंपिंग देखकर चौंके सूर्यकुमार
विकेट के पीछे धोनी कितनी तेजी से बल्लेबाज को चकमा देते हैं ये किसी से छिपा हुआ नहीं है। भारत के लिए खेलने के दौरान माही कई बार ऐसा कर चुके हैं। धोनी 43 साल की उम्र में भी खेल रहे हैं जो अपने आप में बड़ी बात है। धोनी ने आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच में जिस तरह सूर्यकुमार को स्टंप किया उससे खुद मुंबई इंडियंस के स्टैंड इन कप्तान भी हैरत में पड़ गए। सूर्यकुमार इस मैच में हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस की कमान संभाल रहे हैं। हार्दिक पिछले सीजन धीमी ओवर गति के लिए एक मैच का प्रतिबंध झेल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: SRH vs RR: आईपीएल में अपना सर्वोच्च टोटल बनाने के बावजूद हारी राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स की जीत से शुरुआत
पलक झपकते ही धोनी ने किया स्टंप
दरअसल, मुंबई की पारी के दौरान 10.3 ओवर में जब नूर अहमद गेंदबाजी कर रहे थे तो उन्होंने सूर्यकुमार को गुगली डाली। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गई और सूर्यकुमार ने क्रीज से बाहर आकर शॉट खेलने की कोशिश की। सूर्यकुमार गेंद मिस कर बैठे, लेकिन विकेट के पीछे खड़े धोनी ने उन्हें स्टंप करने में जरा भी देर नहीं लगाई। धोनी की फुर्ती का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि उन्होंने 0.12 सेकेंड में ही सूर्यकुमार को स्टंप किया। धोनी ने आउट की अपील की और अंपायर ने तीसरे अंपायर का सहारा लिया। हालांकि, सूर्यकुमार धोनी की तेजी से पूरी तरह वाकिफ हैं, इसलिए उन्होंने तीसरे अंपायर के फैसले का इंतजार किए बिना ही पवेलियन लौटने का फैसला लिया। बाद में टीवी रिव्यू में साफ दिखा कि सूर्यकुमार के क्रीज में पैर रखने से पहले ही धोनी ने गेंद स्टंप पर मार दी थी।
ये भी पढ़ें: DC vs LSG Playing 11: नए कप्तानों की अगुआई में अभियान शुरू करेगी लखनऊ और दिल्ली, राहुल-पंत की होगी भिड़ंत
सीएसके को मिला 156 रनों का लक्ष्य
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 156 रन का लक्ष्य रखा है। रविवार को आईपीएल 2025 का तीसरा मुकाबला मुंबई और चेन्नई के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 155 रन बनाए। वहीं, सीएसके के लिए नूर अहमद ने चार और खलील अहमद ने तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा नाथन एलिस और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक सफलता मिली।