धोनी के भविष्य को लेकर अभी भी तमाम अटकलें लगाई जा रही है। मगर 38 वर्षीय 'माही' धोनी रांची में अपनी घरेलू टीम के नेट प्रैक्टिस सेशन के दौरान मौजूद थे। इस तरह से उन्होंने आगामी आईपीएल के लिए खुद को तैयार रखने के संकेत भी दे दिए।
झारखंड टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'यहां तक कि हमें भी पता नहीं था कि वह हमारे साथ अभ्यास करने के लिए आ रहे हैं। यह सुखद आश्चर्य था। उन्होंने कुछ देर तक बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि वह नियमित तौर पर टीम के साथ अभ्यास करेंगे। उनकी उपस्थिति से ही खिलाड़ियों को मदद मिल सकती है।
धोनी अपने अभ्यास के लिए नए गेंदबाजी मशीन लेकर भी आए। झारखंड की टीम ने जहां लाल गेंद से अभ्यास किया वहीं धोनी ने सफेद गेंद से ही अभ्यास करेंगे। झारखंड अपना अगला मैच रांची में रविवार से उत्तराखंड के खिलाफ खेलेगा। बता दें कि धोनी ने वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है।