टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए शुक्रवार का दिन बेहद भावुक हो सकता है। माही शुक्रवार को जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा वन-डे खेलने उतरेंगे तो संभवतः रांची में उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। 37 वर्षीय धोनी उम्र के जिस पड़ाव पर हैं, उसे देखते हुए यह संभावना बन रही है कि अपने घर में उनका यह आखिरी मैच होगा।
15 साल के करियर में 340 वन-डे खेल चुके धोनी ने जिस शहर और मैदान में क्रिकेट का ककहरा सीखा। उस मैदान पर शुक्रवार को वो आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे। यह बात हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि क्रिकेट पंडित सहित दर्शक और धोनी के फैंस के मन में यह बात घर कर रही है।
2004 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले एमएस धोनी पांच साल पहले यानी साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह 2019 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। अगर ऐसा होता है तो 8 मार्च को रांची में खेला जाने वाला मैच उनके शहर में आखिरी मैच के रूप में होगा। धोनी ने इस मैदान पर अब तक तीन वन-डे खेले और सिर्फ 21 रन बनाए हैं। ऐसे में वे शुक्रवार को बड़ी पारी खेलकर इसे यादगार बनाना चाहेंगे।
तीसरे वन-डे को लेकर खेलप्रेमियों और धोनी के फैंस का उत्साह चरम पर है। धोनी के फैंस चाहते हैं कि टीम इंडिया इस मैच में जीत हासिल कर पांच मैचों की वन-डे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाए। साथ ही माही इस मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर इस मैच को यादगार बनाएं।
हाल ही में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन ने तीसरे वन-डे से पहले रांची के राजकुमार व अपने स्टार क्रिकेटर धोनी के नाम पर पवेलियन का नामकरण भी कर दिया है। हालांकि, धोनी ने अपने नाम पर बने इस 'धोनी पवेलियन' का उद्घाटन करने से मना कर दिया। इसके पीछे धोनी ने कारण दिया, 'क्या कोई व्यक्ति अपने ही घर में उद्घाटन करता है।'
37 साल के धोनी ने रांची में अब तक तीन वन-डे खेले हैं। चौथी बार वह खेलने उतरेंगे। इससे पहले उन्होंने अपने होम ग्राउंड पर साल 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 10 रन बनाए थे। इस मैच में भारतीय टीम को जीत मिली थी, जबकि इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मुकाबला रद्द हो गया था। वहीं, साल 2016 में माही ने न्यूजीलैंड के खिलाफ महज 11 रन बनाए थे।
बहरहाल, अनहोनी को होनी करने वाले धोनी के बारे में यह कयास गलत भी साबित हो सकता है। कई लोगों का ये भी कहना है कि जिस तरह धोनी उम्र के इस पड़ाव में फिट दिखते हैं, उससे यह कहना जल्दबाजी होगी कि रांची में वो अपना आखिरी मैच खेलेंगे।