टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलते हैं। उन्होंने 2014 में क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप से विदाई ली थी। मगर टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच ईडन गार्डन्स पर 16 नवंबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व धोनी ने पिच का जायजा लिया।
दरअसल, एमएस धोनी कोलकाता में एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए पूर्व कप्तान कपिल देव के साथ मौजूद थे। सुबह के सत्र में धोनी को सुजन मुखर्जी के साथ बातचीत करते हुए देखा गया। 36 वर्षीय धोनी ने फिर ईडन गार्डन्स की पिच का निरीक्षण किया।
मुखर्जी ने बाद में कहा, 'धोनी ने पिच की तैयारियों की तारीफ की और टेस्ट मैच के अच्छे आयोजन की शुभकामनाएं दी।'
'यह मेरी जिंदगी का सबसे यादगार दिन'
कपिल देव
- फोटो : ESPN
धोनी और कपिल ने शूटिंग की जरुरत के मुताबिक पूरा दिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने में बिताया। उनके साथ बच्चे भी इस विज्ञापन के लिए जुड़े थे।
कपिल ने पहले धोनी को गेंदबाजी की। इसके बाद भूमिका बदली और भारत के महान विकेटकीपर ने 1983 वर्ल्ड कप विजयी कप्तान को गेंदबाजी की। यह विज्ञापन 33 सेकंड का है, जिसका निर्देशन बंगाली निर्माता-निर्देशक अरिंदम सिल ने किया।
कई फीचर फिल्मों में काम कर चुके सिल ने इस विज्ञापन की शूटिंग को लाइफटाइम एक्सपीरियंस करार देते हुए कहा कि, वो वर्ल्ड कप विजेता दो कप्तानों के साथ ईडन गार्डन्स की पिच पर पहला टीवी एड शूट करके बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं।
सिल ने कहा, 'यह क्रिकेट का मक्का है और शूटिंग के लिए मेरे पास विश्व कप जीतने वाले दो कप्तान मौजूद थे। यह मेरी जिंदगी का सबसे यादगार दिन था। ये दोनों बेहतरीन कप्तान हैं। मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। मैंने यहां पर एक ही गैलरी से दोनों को खेलते हुए देखा है, लेकिन इसी मैदान पर इन दोनों के साथ शूट करना मेरे लिए लाइफ टाइम एक्सपीरियंस हैं।'
कपिल और धोनी के साथ जुड़ा एक और शख्स, फोटोग्राफर्स का बन गया दिन
कपिल देव और सौरव गांगुली
- फोटो : twitter
सिल ने साथ ही स्वीकार किया कि चिलचिलाती धूप में शूटिंग करना पड़ी, लेकिन दोनों कप्तान शांत रहे और अच्छे से शूटिंग की। सिल ने कहा, 'कपिल ने कहा कि वो गेंदबाजी करके थक जाएंगे, लेकिन एक बार वो अपने रनअप पर पहुंचे तो फिर लगातार कई गेंदे डाली। उन्होंने बल्लेबाजी भी की और ऐसा लगा कि पुराने कपिल देव लौट आए हैं।'
धोनी ने इस दौरान बच्चों से खूब बातें की और उन्हें खेल से संबंधित कई टिप्स भी दी। निर्देशक ने कहा, 'धोनी ने बच्चों से कहा कि कैसे आक्रामक क्रिकेट खेलना है। यह सब उन्होंने व्यस्त कार्यक्रम के बीच किया, जो शानदार अनुभव रहा।' सिल ने धोनी को नैसर्गिक अभिनेता करार दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे धोनी के लिए रिटेक लेने की जरुरत नहीं पड़ी, वो कैमरा के सामने नेचुरल थे।'
सिल ने फिर कैब अध्यक्ष सौरव गांगुली का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, 'मैं सौरव गांगुली का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने ईडन गार्डन पर हमें शूटिंग करने की इजाजत दी।'
शूट से ब्रेक के समय गांगुली भी धोनी और कपिल के साथ जुड़े और तीनों ने फोटोग्राफर्स को फोटो लेने के कई शानदार पल दिए।