टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की दुनिया भर में पहचान एक चपल कप्तान और बेस्ट फिनिशर की रही है। ऐसे में उनकी इस पहचान के पीछे बतौर विकेटकीपर किए कारनामे छिप जाते हैं। लेकिन बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेट के पीछे भी धोनी ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकल वनडे में भी धोनी ने एक और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
एमएस धोनी का बल्ला इन दिनों भले ही खामोश चल रहा हो लेकिन विकेट के पीछे वो नए कारनामे करते जा रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकल में खेले गए दूसरे वनडे में श्रीलंकाई बल्लेबाज धनुष्का गुणथिलका को स्टंपिग कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वह 99 स्टंपिंग के साथ वह साझा रूप से वनडे में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। अब वह श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगाकारा के साथ साझा रूप से पहले पायदान पर हैं। इसके बाद दूसरे पायदान पर श्रीलंकाई विकेटकीपर रोमेश कालूवितराना (75) और तीसरे पर पाकिस्तान के मोईन खान(73) हैं।
धोनी ने नाम विकेट के पीछे बतौर विकेट कीपर कुल 377 शिकार किए हैं जिसमें 278 कैच और 99 स्टंपिंग हैं। कुल शिकार के मामले में वो वनडे में चौथे पायदान पर हैं। विकेट के पीछे वनडे में सबसे ज्यादा शिकार कुमार संगाकारा के नाम दर्ज है। संगाकारा ने 404 मैच में 383 कैच और 99 स्टंपिंग के साथ कुल 482 शिकार किए हैं। ऐसे में धोनी का इस रिकॉर्ड को तोड़ना मुश्किल नजर आता है। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ हालिया सीरीज में वनडे में 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के पहले विकेट कीपर बन सकते हैं।
धोनी ने 99 स्टंपिंग में सबसे ज्यादा 19 शिकार हरभजन की गेंदों पर किए हैं। इसके बाद 15 स्टंपिंग रविंद्र जडेजा और 14 रविचंद्रन अश्विन की गेंदों पर की हैं। 19 शिकार अन्य गेंदबाजों की गेंदबाजी पर किए हैं।