वर्ल्ड कप में लगातार चार जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ-साथ पूरी टीम के हौसले बुलंद है। लेकिन टीम में युवराज की जगह सुरेश्ा रैना को लेकर उठे सवालों के बीच धोनी के सब्र का बांध टूट ही गया।
रैना का विदेशी पिच में शॉर्ट गेंद न खेल पाने पर उठे सवालों के बीच धोनी ने कहा कि शार्ट पिच गेंदबाजी के खिलाफ सुरेश रैना की परेशानी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवराज के बाहर होने के बाद पांचवें नंबर पर रैना टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ स्मिथ की गेंद पर विकेट के पीछे कैच देने के बारे में पूछने पर धोनी ने कहा, "मीडिया इसे बड़ा मुद्दा बना रही है। अन्य देशों के बल्लेबाज भी शार्ट पिच गेंदों पर आउट होते हैं। लेकिन हम ही इसे अपने दिमाग में बैठाकर रखते हैं कि रैना शार्ट गेंद पर आउट होता है इसलिए उसे शार्ट पिच गेंद फेंको। मुझे लगता है कि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है।"