राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान एक अनचाही सूची में शामिल हो गए। संदीप दिल्ली की पारी का आखिरी ओवर डालने आए, लेकिन उन्होंने 11 गेंदें फेंकी। दिल्ली कैपिटल्स ने अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की शानदार साझेदारी की मदद से राजस्थान रॉयल्स के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा है।
दिल्ली ने दिया 189 रनों का लक्ष्य
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के लिए कोई बल्लेबाज बड़ी पारी तो नहीं खेल सका, लेकिन उन्होंने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया जिससे टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाने में सफल रही। यह 2024 से दिल्ली में पिछले सात आईपीएल मैचों का सबसे न्यूनतम टोटल है।
संदीप ने आखिरी ओवर में लुटाए 19 रन
आखिरी ओवर डालने आए संदीप ने वाइड से शुरुआत की और फिर अगली गेंद पर कोई रन नहीं गया। इसके बाद संदीप ने लगातार तीन गेंदें वाइड डाली, जबकि अगली गेंद नो बॉल हुई जिस पर एक रन आया। स्टब्स ने फ्री हिट पर चौका जड़ा और फिर अगली गेंद को छक्के के लिए भेजा। संदीप की अगली तीन गेंदों पर एक-एक रन ही बने। इस तरह संदीप ने ओवर में 11 गेंदें फेंकी और कुल 19 रन लुटाए।
संदीप इसके साथ ही आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंदें डालने वाले संयुक्त रूप से चौथे गेंदबाज बन गए हैं। संदीप के अलावा मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे और शार्दुल ठाकुर ने भी आईपीएल के एक ओवर में 11 गेंदें डाली हैं। संदीप ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में चार ओवर में 33 रन दिए और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।
ये भी पढ़ें: DC vs RR Live Score: घरेलू मैदान पर वापसी करने उतरेगी दिल्ली, सामने राजस्थान की चुनौती; थोड़ी देर में टॉस
दिल्ली की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए जैक फ्रेजर मैकगर्क और पोरेल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने मैकगर्क को नौ रन पर आउट किया। इसके तुरंत बाद करुण नायर खाता खोले बिना रन आउट हो गए। आईपीएल में यह चौथी बार था जब करुण शून्य पर पवेलियन लौटे। दो झटके लगने के बाद राहुल ने पोरेल के साथ मिलकर साझेदारी बनाई और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। आर्चर एक बार फिर राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए और उन्होंने केएल राहुल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।
राहुल के आउट होने के बाद अगले ओवर में पोरेल भी अपना विकेट गंवा बैठे और अर्धशतक बनाने से चूक गए। फिर कप्तान अक्षर पटेल क्रीज पर उतरे और उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की। अक्षर 14 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे टीम का स्कोर 180 के पार पहुंच गया। स्टब्स 18 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन और आशुतोष 11 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से आर्चर ने दो विकेट झटके, जबकि महेश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक विकेट लिए।