बाउंसर पर पेशाब करने से सुर्खियों में आए मोंटी पनेसर को इंग्लैंड ने टीम में शामिल करने के बाद अनुशासनहीनता पर प्रतिबंधित कर दिया है।
भारतीय मूल के इंग्लैंड के फिरकी गेंदबाज पनेसर पर एक कांउटी मैच के दौरान विपक्षी खिलाड़ी को डराने धमकाने के बाद एक बार फिर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगा है।
पिछले दिनों एक नाइटक्लब के बाहर बाउंसर पर पेशाब करने के बाद मोंटी पनेसर की जबर्दस्त आलोचना हुई है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने प्रतिबंध की खबर की पुष्टि की है।
ईसीबी ने बताया कि सितंबर माह के शुरुआत में काउंटी टीमों एसेक्स और वारसेस्टरशायर के बीच मुकाबले के दौरान यह घटना घटी जिसमें मोंटी ने विपक्षी टीम के खिलाड़ी के साथ अनुचित व्यवहार किया और उन्हें धमकाया भी।
पिछले कुछ समय से मोंटी पनेसर का निजी जीवन कष्टकारी रहा है। पेशाब करने की घटना के कुछ दिन बाद ही उनका अपनी फार्मासिस्ट पत्नी गुरशरण रतन से तलाक हो गया था। पुलिस इस प्रकरण पर उन पर जुर्माना भी लगा चुकी है।
पनेसर के खराब व्यवहार के कारण ईसीबी ने भी उन्हें टीम से बाहर कर दिया था। हालांकि ससेक्स से बाहर निकाले जाने के बाद पनेसर एसेक्स टीम का हिस्सा बने हैं।
हाल ही में इंग्लैंड में खत्म हुए एशेज सीरीज से उन्हें बाहर कर दिया गया था। हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली रिटर्न एशेज सीरीज के लिए दुबारा टीम में बुलाया है।