वर्ल्ड कप से पहले आज का दिन जहां टीम इंडिया के लिए खराब रहा वहीं पाकिस्तान के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। पाकिस्तान के वर्ल्ड नंबर वन प्रतिबंधित गेंदबाज सईद अजमल की नई गेंदबाजी एक्शन सही पाए जाने के बाद उनके वर्ल्ड कप में खेलने का रास्ता साफ हो गया है।
दूसरी ओर, टीम इंडिया के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। भारतीय टीम इस बार अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपने शुरुआती मुकाबले से पहले ही वह खिलाड़ियों के चोटों से परेशान है।
क्रिकेट के इस महाकुंभ के शुरू होने से पहले ही भारत के 4 बड़े खिलाड़ी चोटिल हैं और आज 7 फरवरी को टूर्नामेंट में खेलने के लिए फिटनेस देना है। अभी तक जो जानकारी मिल रही है उसमें तेज गेंदबाज इशांत शर्मा अभ्यास सत्र के दौरान फिटनेस टेस्ट में नाकाम हो गए हैं और उन्हें अब स्वदेश लौटना होगा। उनकी जगह तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। इशांत के अलावा 3 अन्य भारतीय क्रिकेटरों ने अपना फिटनेस टेस्ट दे दिया है।
फिटनेस टेस्ट में एक भी गेंद नहीं डाल सके इंशात
चार साल में एक बार होने वाले वर्ल्ड कप में खेलने की ख्वाहिश हर क्रिकेटर की होती है। हालांकि इंशात शर्मा इस मामले में बेहद दुर्भाग्यशाली खिलाड़ी बन गए। वह वर्ल्ड कप 15 सदस्यीय टीम में शामिल थे लेकिन उन्हें पिछले दिनों चोट लग गई और शनिवार 7 फरवरी को एडिलेड में अभ्यास सत्र के दौरान अपना फिटनेस टेस्ट देना था।
लेकिन सूत्रों से मिली खबर के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गई टीम का यह सबसे अनुभवी गेंदबाज एक भी गेंद नहीं फेंक सका। इस तरह से वह अपना फिटनेस टेस्ट पास कर पाने में नाकाम हो गए। उनकी जगह टीम में एक अन्य तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को लिए जाने की संभावना है।
मोहित के साथ तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी हाल में ऑस्ट्रेलिया में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था लेकिन सीरीज के बाद उन्हें वापस स्वदेश भेज दिया गया। इंशात के चोटिल होने के बाद मोहित और धवल में से किसी एक को मौका मिलने की बात कही जा रही थी।
खत्म हो गई है युवी-वीरू की वापसी की उम्मीदें
तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के अलावा टीम इंडिया के 3 अन्य क्रिकेटर भी चोटिल हैं और उन्हें आज ही फिटनेस टेस्ट पास करना था। वहीं इन 3 क्रिकेटरों की फिटनेस पर युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग की वापसी की आस टिकी हुई थी।
टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा 16 जनवरी को खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में चोटिल हो गए थे और उसके बाद से वह मैदान पर लौट नहीं सके हैं। लेकिन आज उन्होंने नेट पर जमकर अभ्यास किया और कई घंटे बल्लेबाजी कर अपनी फिटनेस साबित कर दिया। रोहित शर्मा वनडे के विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं और बड़ी पारियां खेलने में सक्षम भी। उनकी लंबे समय से बनी चोट को लेकर टीम परेशान थी लेकिन आज जिस तरह से नेट पर उन्होंने अभ्यास किया उससे यही लगता है वह वर्ल्ड कप के लिए तैयार हैं।
इसके अलावा अनफिट तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी अपना फिटनेस टेस्ट दिया और नेट पर लगातार गेंदबाजी करते हुए खुद को फिट दिखाया। गेंदबाजी के दौरान उन्हें कहीं से भी कोई दिक्कत पेश नहीं आई। हालांकि चोट के कारण ही वह ऑस्ट्रेलिया में खेली गई टेस्ट और वनडे सीरीज में नहीं खेल सके थे। लेकिन यह स्विंग गेंदबाज वर्ल्ड कप में भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। आलराउंडर रवींद्र जडेजा चौथे अनफिट खिलाड़ी हैं हालांकि उनके बारे में कहा जा रहा है कि वह समय से फिट हो जाएंगे।
इसी फिटनेस टेस्ट पर युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग की वापसी की उम्मीदें टिकी हुई थीं लेकिन इशांत को छोड़ अन्य 3 खिलाड़ियों ने अपनी फिटनेस टेस्ट साबित कर इन 2 अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी की आखिरी उम्मीद को भी धो दिया।